इराक़ को दूसरी तरह से नष्ट करने के प्रयास आरंभ
इराक़ में प्रदर्शनों और झड़पों में दर्जनों सुरक्षाकर्मी तथा प्रदर्शनकारी घायल हुए हैं।
इराक़ के पूर्व प्रधानमंत्री ने कहा है कि इस देश को खंडित करने के प्रयास किये जा रहे हैं।
नूरी मालेकी का कहना है कि इराक़ के भीतर बड़े पैमाने पर गड़बड़ी करने की कोशिशें जारी हैं। उन्होंने कहा कि ज़ीक़ार प्रांत विशेषकर नासेरिया नगर के परिवर्तन दर्शाते हैं कि इराक़ के केन्द्रीय और दक्षिणी क्षेत्रों में एक प्रकार की अस्थिरता लाई जा रही है। इराक़ के पूर्व प्रधानमंत्री ने बताया कि कुछ गुटों के मन में नासेरिया के संबन्ध में योजनाएं हैं जिन्हें वे लागू करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारियों को मैं सचेत करता हूं कि वे विश्वंसक गुटों की चालों में न आएं क्योंकि इससे इराक़ का नुक़सान है।
याद रहे कि इराक़ के ज़ीक़ार प्रांत में लंबे समय से विरोध प्रदर्शन किये जा रहे हैं। वहां के लोग गवर्नर को हटाने, रोज़गार और भ्रष्टाचार को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। इन प्रदर्शनों में कई लोग हताहत और घायल हुए हैं। इराक़ी सूत्रों के अनुसार ज़ीक़ार प्रांत में होने वाले हिंसक प्रदर्शन अब नासिरिया तक फैल गए हैं।