तालिबान के ठिकानों पर अमरीका की बमबारी
https://parstoday.ir/hi/news/world-i101864-तालिबान_के_ठिकानों_पर_अमरीका_की_बमबारी
अमरीकी रक्षा मंत्रालय का कहना है कि पिछले कुछ दिनों के दौरान, अमरीकी लड़ाकू विमानों ने अफ़ग़ानिस्तान के क़ंदहार प्रांत के कई इलाक़ों में तालिबान के ठिकानों पर बमबारी की है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Jul २३, २०२१ ०८:५० Asia/Kolkata
  • तालिबान के ठिकानों पर अमरीका की बमबारी

अमरीकी रक्षा मंत्रालय का कहना है कि पिछले कुछ दिनों के दौरान, अमरीकी लड़ाकू विमानों ने अफ़ग़ानिस्तान के क़ंदहार प्रांत के कई इलाक़ों में तालिबान के ठिकानों पर बमबारी की है।

एक ऑफ़-कैमरा प्रेस ब्रीफिंग में पेंटागन के प्रवक्ता जॉन कर्बी ने कहा कि पिछले कई दिनों में हमने एएनडीएसएफ़ (अफ़ग़ान राष्ट्रीय रक्षा और सुरक्षा बलों) के समर्थन में हवाई हमले किए हैं।

हालांकि, कर्बी ने अमरीकी सेना की इस कार्यवाही की डिटेल बताने से साफ़ इनकार कर दिया।

पेंटागन के प्रवक्ता ने ज़ोर देकर कहा कि हम एएनडीएसएफ़ के समर्थन में हवाई हमले जारी रखेंगे। क्योंकि जनरल मैकेंजी के पास यह ज़िम्मेदारी है और उन्हें इसका अधिकार हासिल है।

कहा जा रहा है कि अमरीका ने यह कार्यवाही क़ंदहार शहर पर तालिबान के क़ब्ज़े को रोकने के लिए की है।

स्थानीय मीडिया की मानें तो अमरीकी बमबारी में कम से कम पांच तालिबानी लड़ाके मारे गए हैं।

अफ़ग़ानिस्तान में हार स्वीकार करने के बाद अमरीका ने अपने सैनिक वहां से निकालने शुरू कर दिए हैं, जिसके बाद तालिबान ने हमले तेज़ कर दिए और कई इलाक़ों पर क़ब्ज़ा कर लिया।

अमरीका द्वारा हवाई हमले की रिपोर्ट ऐसे वक़्त में आई है, जब अमरीकी ज्वाइंट चीफ़ ऑफ़ स्टॉफ़ के चेयरमैन मार्क मिली ने कहा है कि तालिबान ख़ुद को इस तरह से पेश कर रहे हैं, जैसे उनका जीतना तय है, लेकिन इस लड़ाई का अंतिम भविष्य क्या होगा अभी इसे लिखा जाना बाक़ी है। हालांकि, उन्होंने स्वीकार किया कि तालिबान ने देश के कुल 419 जिलों में से क़रीब आधे 210 ज़िलों पर क़ब्ज़ा कर लिया है और कई हिस्सों में अफगान सुरक्षा बलों के साथ लड़ाई जारी है। msm