ओबामा के विरुद्ध मुक़द्दमा दायर
अमरीकी सेना के एक अधिकारी ने कहा है कि आतंकवादी गुट दाइश के विरुद्ध जारी सैन्य अभियान ग़ैरक़ानूनी है।
कुवैत में तैनात अमेरिकी सेना के एक अधिकारी कैप्टन नाथन माइकल स्मिथ ने कहा है कि यह कार्यवाही पूर्ण रूप से अवैध है। 28 वर्षीय कैप्टन नाथन माइकल स्मिथ के अनुसार आतंकवादी संगठन के खिलाफ कार्रवाई के लिए ओबामा प्रशासन ने कांग्रेस से अनुमति न लेकर क़ानून को तोड़ा है।
दाइश के विरुद्ध सैन्य अभियान को अवैध बताते हुए कैप्टन नाथन माइकल स्मिथ ने राष्ट्रपति बराक ओबामा के विरुद्ध मुक़द्दमा दायर किया है। न्यूयॉर्क टाइम्स के अनुसार स्मिथ ने अदालत में जो दस्तावेज दाखिल किए हैं उसमें बताया गया है कि सीरिया और इराक़ में कार्रवाई शुरू करने से पहले अमेरिकी संसद से अनुमति नहीं ली गई। उन्होंने कहा कि इसके लिए संविधान की अनदेखी की गई। माइकल स्मिथ ने बराक ओबामा के विरुद्ध मुक़द्दमा, कोलंबिया की एक अदालत में दायर किया है।
उल्लेखनीय है कि इस समय कैप्टन नाथन माइकल स्मिथ आतंकवाद विरोधी अभियान की निगरानी के लिए बनाए गए संयुक्त बल में खुफिया अधिकारी के तौर पर कुवैत में तैनात हैं।