पाकिस्तान से क्यों इतना नाराज़ हो गए तालेबान?
तालेबान के एक नेता का कहना है कि इस्लामी जगत में पाकिस्तान सबसे बुरा देश है।
तालेबान के सांस्कृतिक आयोग के एक सदस्य ने अफ़ग़ानिस्तान के संदर्भ में पाकिस्तान के क्रियाकलापों की कड़ी आलोचना की है।
तसनीम समाचर एजेन्सी के अनुसार तालेबान नेता शहाबुद्दीन लीवाल ने एक टीवी डिबेट में पाकिस्तान सरकार की निंदा करते हुए कहा कि इस देश की सेना की संस्था आईएसआई हमारा सबसे बड़ा शत्रु है।
तालेबान के सांस्कृतिक आयोग के इस नेता ने बहुत ही ग़ुस्से में कहा कि इस्लामी जगत मे पाकिस्तान सबसे बुरा देश है। तालेबान के इस नेता से पहले ज़बीहुल्लाह मुजाहिद ने भी अपने एक संबोधन में पाकिस्तान की सरकार को ग़ैर इस्लामी तक कह डाला था।
ज़बीहुल्लाह मुजाहिद ने कहा था कि पाकिस्तान का राजनीतिक फ़्रेम, इस्लामी व्यवस्था जैसा नहीं है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की सरकार के लिए धर्म कोई महत्व नहीं रखता। इससे कुछ समय पहले तालेबान के प्रवक्ता ने एक संवाददाता सम्मेलन में यह भी कहा था कि पाकिस्तान ने अफ़ग़ानिस्तान के साथ कई बार सहयोग का वादा किया था किंतु उसने अपने वादे को पूरा नहीं किया।
फारेन पालिसी पत्रिका ने पिछले महीने सुरक्षा सूत्र के हवाले से रिपोर्ट दी थी कि पाकिस्तान की आईएसआई चाहती है कि अफ़ग़ानिस्तन में तालेबान की शक्ति को नियंत्रित करने और वहां पर अतिवाद को मज़बूत करने के उद्देश्य से तालेबान से नाराज़ गुटों को संगठित किया जाए।
फारेन पालिसी की इस रिपोर्ट के अनुसार आईएसआई की इच्छा है कि अफ़ग़ानिस्तान में पाकिस्तानी हितों की रक्षा के लिए तालेबान से नाराज़ गुटों के गठबंधन को तालेबान को नियंत्रित करने के उद्देश्य से दबाव के रूप में प्रयोग किया जाए।
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए