तुर्की को 10 बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में पहुंचा दूंगाः अर्दोग़ान
रजब तैयब अर्दोग़ान ने दावा किया है कि वे तुर्की को जल्द ही विश्व की 10 बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में पहुंचा देंगे।
तुर्की के राष्ट्रपति का दावा है उनके देश की अर्थव्यवस्था, प्रगति की ओर अग्रसर है।
रजब तैयब अर्दोग़ान ने नववर्ष के संदेश में वचन दिया है कि उन्होंने अर्थव्यवस्था को लेकर जो लक्ष्य निर्धारित किया है उसके कारण तुर्की, जल्द ही दुनिया की दस बड़ी अर्थव्यवस्था का हिस्सा बन जाएगा।
उन्होंने कहा कि मज़बूत लोकतंत्र और प्रगति की उचित संभावनाओं के कारण आधुनिक तुर्की अपने भविष्य का स्वयं फैसला करेगा। अर्दोग़ान का कहना था कि लंबे समय से तुर्की की अर्थव्यवस्था को लक्ष्य बनाया जा रहा है। यही वजह है कि तुर्की की अर्थव्यवस्था को अभूतपूर्व समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने विदेशी मुद्राओं विशेषकर अमरीकी डाॅलर के मुक़ाबले तुर्की की राष्ट्रीय मुद्रा लीरा के अवमूल्यन के संबन्ध में कहा कि हालिया आर्थिक समस्याएं, तुर्की की विकासशील अर्थव्यवस्था की वास्तविकताओं के अनुरूप नहीं हैं। अर्दोग़ान ने कहा कि उनकी सरकार ने आर्थिक संकट को नियंत्रित कर लिया है।
तुर्की के राष्ट्रपति का यह दावा एसी स्थिति में सामने आया है कि जब विदेशी मुद्राओं विशेषकर अमरीकी डाॅलर के मुक़ाबले में तुर्की की राष्ट्रीय मुद्रा लीरा का अवमूल्यन जारी है। तुर्की में इन्फ़्लेशन रेट इस समय 21 प्रतिशत से अधिक है।
यह मुद्दा तुर्की के भीतर लोगों की नाराज़गी का कारण बना हुआ है। तुर्की की मुद्रा की वैल्यू के घटने और इस देश में मंहगाई बढ़ने के कारण लोगों के भीतर असंतोष पाया जाता है और इससे रजब तैयब अर्दोग़ान की लोकप्रियता भी बहुत तेज़ी से घटी है। पिछले तीन महीने में तुर्की की मुद्रा लीरा, अपनी आधी से ज़्यादा क़ीमत खो चुका है।
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए