रूस की ओर से हमले की संभावना नहीं हैः यूक्रेन
यूक्रेन का कहना है कि इस देश पर रूस के हमले की कोई निशानी दिखाई नहीं दे रही है।
पिछले कुछ सप्ताहों से यूक्रेन पर रूस के हमले के बारे में पश्चिमी मीडिया में बहुत कुछ कहा जा रहा है लेकिन स्वयं यूक्रेन ने इस हमले की बात को अब नकारा है।
स्पूतनिक समाचार एजेन्सी के अनुसार यूक्रेन की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव एलेक्सी दानलियोफ ने सोमवार को कहा है कि उनके देश पर रूस के हमले की संभावना नहीं दिखाई दे रही है।
उन्होंने कहा कि इस समय हमें अपनी सीमा पर कोई ख़तरा दिखाई नहीं दे रहा है। उन्होंने कहा कि विदेशी संचार माध्यम जिस प्रकार के दावे कर रहे हैं वैसा कुछ भी सीमा पर नहीं है।
एलेक्सी दानलियोफ ने, जो राष्ट्रपति के सलाहकार भी हैं, कहा है कि यूक्रेन की सीमा से 200 किलोमीटर की दूरी पर रूस के लगभग एक लाख सैनिक मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि हमारी सीमा से 400 किलोमीटर की दूरी पर भी रूस के लगभग एक लाख 43 हज़ार सैनिक मौजूद हैं।
यूक्रेन की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव एलेक्सी दानलियोफ के अनुसार रूस को यूक्रेन पर हमला करने के लिए इस संख्या के पांच बराबर सैनिकों की आवश्यकता होगी इसलिए विदेशी संचार माध्यम जो बता रहे हैं वह अजीब है।
उन्होंने कहा कि इसके बावजूद यूक्रेन, हर प्रकार की संभावित हमले का मुक़ाबला करने के लिए तैयार है। उल्लेखनीय है कि पश्चिमी संचार माध्यम पिछले कुछ सप्ताहों से यह दावा कर रहे हैं कि रूस ने यूक्रेन पर हमला करने के लिए अपने सैनिकों को यूक्रेन की सीमा के निकट तैनात कर रखा है।
अबतक यही कहा जाता रहा है कि रूस कभी भी यूक्रेन पर हमला कर सकता है जबकि रूस ने इस बात को हमेशा नकारा है। दूसरी ओर रूस ने यूक्रेन पर अपनी पूर्वी सीमाओ पर सैनिकों को इकट्ठा करने का आरोप लगाया है।
माॅस्को का कहना है कि हो सकता है कि यूक्रेन, रूस के नियंत्रण वाले क्षेत्रों पर क़ब्ज़ा करने के लिए हमले की कोई योजना बना रहा हो।
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए