डेविड कैमरन, डॉनल्ड ट्रम्प जैसी शैली अपना रहे हैं- सादिक़ ख़ान
लंदन के निवनियुक्त मेयर सादिक़ ख़ान ने कहा है कि ब्रितानी प्रधान मंत्री डेविड कैमरन अमरीका के राष्ट्रपति पद के रिपब्लिकन प्रत्याशी डॉनल्ड ट्रम्प जैसी शैली अपना रहे हैं।
प्रेस टीवी के अनुसार, सादिक़ ख़ान ने कहा कि नगरपालिका के चुनावी अभियान के दौरान कैमरन ने निरंतर उन्हें चरमपंथियों से जोड़ने की कोशिश की। सादिक़ ख़ान के अनुसार, कन्ज़र्वेटिव नेताओं ने जातीय व धार्मिक वर्ग को उनके ख़िलाफ़ करने की बहुत कोशिश की।
लंदन के नए मेयर ने 7 मई को स्काई न्यूज़ से इंटर्व्यू में भी कहा था कि ब्रिटेन के बहुत से मुसलमान, मुझ पर लगाए गए आरोप के बाद, अपने बच्चों को राजनीति के क्षेत्र में भाग लेने के संबंध में प्रेरित करने से पीछे हट गए हैं। उन्होंने कहा कि उनका चुनावी संघर्ष ब्रितानी मुसलमानों सहित दूसरे अल्पसंख्यकों के लिए यह संदेश होगा कि वे राजनीति के क्षेत्र में सक्रिय हों।
45 वर्षीय सादिक़ ख़ान पाकिस्तान मूल के हैं। उन्होंने लंदन के मेयर के चुनाव में 57 प्रतिशत मत हासिल करते हुए अपने कन्ज़र्वेटिव प्रतिद्वंदवी ज़ैक गोल्डस्मिथ को हराया जिन्हें इस चुनाव में 43.2 प्रतिशत वोट मिले। इस प्रकार सादिक़ ख़ान, लंदन के पहले मुसलमान मेयर बने हैं। (MAQ/N)