राष्ट्रपति चुनाव की दौड़ से हट सकती हैं हिलेरी क्लिंटन
अमरीकी प्रतिनिधि सभा के पूर्व प्रमुख ने कहा है कि इस बात की अधिक संभावना है कि सरकारी काम के लिए व्यक्तिगत ईमेल इस्तेमाल करने के विवाद के चलते डेमोक्रेट प्रत्याशी हिलेरी क्लिंटन राष्ट्रपति चुनाव की दौड़ से अलग हो जाएं।
रिपब्लिकन पार्टी के जाॅन बेनर ने एक काॅन्फ़्रेंस में कहा कि डेमोक्रेट्स को चाहिए था कि राष्ट्रपति चुनाव के लिए हिलेरी क्लिंटन के बजाए जो बाइडन को अपना प्रत्याशी बनाते। उन्होंने कहा कि मुझे इस बात बहुत आश्चर्य है कि बाइडन के बजाए क्लिंटन को प्रत्याशी बनाया गया।
रिपब्लिकन पार्टी का कहना है कि अगर केंद्रीय जांच ब्योरो एफ़बीआई ने विदेश मंत्री रहते हुए अपने निजी ईमेल के प्रयोग के लिए हिलेरी क्लिंटन को दोषी पाया तो डेमोक्रेटिक पार्टी वर्तमान उप राष्ट्रपति जो बाइडन को प्रत्याशी बनाने पर विवश हो जाएगी। एफ़बीआई अगले हफ़्तों में क्लिंटन से इस मामले में पूछताछ करेगी। वह इससे पहले उनके कई सहायकों से पूछताछ कर चुकी है।
बताया जाता है कि वर्ष 2009 से 2013 के बीच, जब हिलेरी क्लिंटन अमरीका की विदेश मंत्री थीं, उनके निजी अकाउंट से दो हज़ार से अधिक ईमेलों का आदान-प्रदान हुआ है जिनमें से कई अत्यंत गोपनीय सूचनाओं पर आधारित थे। अमरीका के क़ानून के अनुसार सरकारी कामों के लिए ग़ैर सरकारी सरवर और ईमेल का प्रयोग ग़ैर क़ानूनी है। (HN)