पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति जनरल परवेज़ मुशर्रफ की हालत नाजुक
पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति जनरल परवेज़ मुशर्रफ मार्च 2016 में दुबई गए थे और तब से वापस नहीं लौटे हैं। पाकिस्तान के पूर्व सूचना मंत्री चौधरी फवाद हुसैन ने बताया कि मुशर्रफ की हालत नाजुक बनी हुई है।
पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ की तबीयत काफी खराब होने की खबर सामने आ रही है। मुशर्रफ के परिवार ने बताया है कि तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मुशर्रफ की सेहत को लेकर जारी अटकलों के बीच उनके परिवार ने कहा है कि वह उस मुश्किल दौर में हैं, जहां सेहतमंद हो पाना मुमकिन नहीं है।
ज्ञात रहे कि इससे पहले सोशल मीडिया पर परेवज़ की मुशर्रफ की मौत को लेकर अफवाह जोरों पर थी। जनरल परवेज मुशर्रफ ने पाकिस्तान पर 1999 से 2008 तक शासन किया और सत्ता पर मजबूती से अपनी पकड़ बनाए रखी।
मुशर्रफ के परिवार ने ट्विटर पर एक बयान साझा किया और कहा कि मुशर्रफ वेंटिलेटर पर नहीं हैं। उनके परिवार ने कहा कि वह Amyloidosis से गंभीर रूप से पीड़ित होने की वजह से करीब 3 हफ्ते से अस्पताल में भर्ती हैं। वह ऐसे मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं, जहां से सेहतमंद हो पाना मुमकिन नहीं है। उनके लिए दुआ करें। एमाइलॉयडोसिस एक दुर्लभ बीमारी है जो शरीर के अंगों में एक असामान्य प्रोटीन बनने के कारण होती है।
इससे पहले परवेज़ मुशर्रफ के एक करीबी सहयोगी और पूर्व सूचना मंत्री चौधरी फवाद हुसैन ने बताया था कि उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। उन्होंने बताया कि मुशर्रफ को वेंटिलेटर पर रखा गया है। इमरान खान सरकार में सूचना मंत्री रहे फवाद चौधरी एक जमाने में मुशर्रफ के प्रवक्ता थे। चौधरी ने कहा कि उन्होंने मुशर्रफ के बेटे से बात की है, जिन्होंने उनके बीमार होने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा, ‘मैंने अभी दुबई में जनरल मुशर्रफ के बेटे बिलाल से फोन पर बात की है, जिन्होंने पिता के वेंटिलेटर पर होने की पुष्टि की।
वहीं, मुशर्रफ के बीमार होने की खबर पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए ऑल पाकिस्तान मुस्लिम लीग के अध्यक्ष अफजाल सिद्दीकी ने कहा कि जनरल परवेज मुशर्रफ घर पर हैं और मामूली रूप से बीमार हैं। आप लोग फेक न्यूज पर ध्यान न दें। उनकी अच्छी सेहत के लिए दुआ करें। ज्ञात रहे कि परवेज़ मुशर्रफ को पूर्व प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो की हत्या और लाल मस्जिद के मौलवी के मारे जाने के मामले में भगोड़ा घोषित किया गया है। वह इलाज के लिए मार्च 2016 में दुबई गए थे और तब से वापस नहीं लौटे हैं। MM
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए
हमारा यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब कीजिए!