तालेबान द्वारा हज़ारा जाति के लोगों की हत्या से एमनेस्टी नाराज़
अफ़ग़ानिस्तान की हज़ारा जाति के लोगों की तालेबान द्वारा हत्या पर एमनेस्टी इंटरनैश्नल ने खेद जताया है।
मानवाधिकारों से संबन्धित संस्था एमनेस्टी इंटरनैश्नल ने आरोप लगाया है कि तालेबान ने अफ़ग़ानिस्तान की हज़ारा जाति के 6 लोगों की सुनियोजित ढंग से हत्याएं की हैं।
अफ़ग़ानिस्तान की शफ़क़ना समाचार एजेन्सी के अनुसार एमनेस्टी इंटरनैश्नल ने कल एक बयान जारी करके बताया है कि तालेबान ने सुनियोजित तरीक़े से हज़ारा जाति के एक ही परिवार के 6 लोगों की हत्या कर दी। इस बयान में बताया गया है कि मरने वालों में 12 साल की एक लड़की भी शामिल है।
एमनेस्टी इंटरनैश्नल के बयान के अनुसार अफ़ग़ानिस्तान के ग़ौर प्रांत के एक नगर मे तालेबान ने छह सदस्सीय एक परिवार के लोगों को जान से मार दिया। बताया जा रहा है कि तालेबान सुनियोजित ढंग से हज़ारा जाति के लोगों को यातनाएं देते हैं और उनको मार डालते हैं। हज़ारा जाति में अधिकांश शिया मुसलमान हैं।
26 जून 2022 को तालेबान ने तलाशी अभियान के अन्तर्गत रात में हज़ारा समुदाय के परिवार के घर पर धावा बोला जहां से बाद में 6 लाशें बरामद हुईं। मरने वालों में 12 वर्षीय लड़की भी भी और मृतकों के शरीर पर यातनाओं के निशान थे।
एमनेस्टी इंटरनैश्नल के महासचिव ने तालेबान से मांग की है कि वे तत्काल अपनी इस प्रकार की कार्यवाहियों को विराम दें। यह उनकी ज़िम्मेदारी है कि वे अफ़ग़ानिस्तान के सभी लोगों को सुरक्षा प्रदान करें।
उल्लेखनीय है कि जब से तालेबान ने अफ़ग़ानिस्तान की सत्ता अपने हांथों में ली है तबसे उनपर यह आरोप लगते रहे हैं कि वे इस देश के लोगों के साथ भेदभाव करने के साथ ही कुछ के विरुद्ध हिंसक कार्यवाहियां भी करते रहते हैं। हालांकि तालेबान की ओर से हमेशा ही इस प्रकार की बातों का खण्डन किया जाता रहा है।
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए