Oct ०९, २०२२ १८:१३ Asia/Kolkata
  • आयरलैंड के पेट्रोल स्टेशन में ब्लास्ट, 10 लोगों की मौत, मरने वालों में महिलायें और बच्चे भी शामिल

आयरलैंड के डोनेगल में एक गैस स्टेशन में ब्लास्ट हो गया। इसमें 10 लोगों की मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।

अब पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया की इस हादसे में 10 लोगों ने जान गवां दी।

एक अधिकारी डेविड केली ने कहा कि नॉर्थवेस्ट आयरलैंड के डोनेगल काउंटी के एक छोटे से गांव क्रीस्लो में एप्पलग्रीन पेट्रोल स्टेशन पर धमाका हुआ। धमाका इतना भयानक था कि आसपास की कुछ इमारतें तबाह हो गईं। साथ ही घटनास्थल पर खड़ी कारें मलबे में तब्दील हो गईं। इसमें 3 महिलाओं, 3 बच्चों समेत 10 लोगों की मौत हो गई।

घटनास्थल पर मौजूद एक व्यक्ति ने बताया कि विस्फोट इतना तेज था कि इसे मीलों दूर तक सुना गया।

ब्लास्ट के बाद वहां खड़ी कारें तबाह हो गई। कई इमारतों की दीवारें भी ढह गईं।

डेविड केली ने कहा कि पेट्रोल स्टेशन पर हुए धमाके की वजह का अब तक पता नहीं चल सका है। घटना पर आयरिश प्रधान मंत्री माइकल मार्टिन ने दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट किया कि विनाशकारी विस्फोट के बाद क्रिस्लो के पूरे समुदाय के प्रति हमारी संवेदना। हम उनके साथ हैं। सभी आपातकालीन सेवाएं इस दर्दनाक स्थिति से निपटने के लिए काम कर रही हैं। ये घटना एक त्रासदी है।

शुक्रवार देर रात हुए धमाके के बाद लोगों को वहां से निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।

पेट्रोल स्टेशन पर हुए धमाके के बाद पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया है। पुलिस धमाके की वजह का पता लगा रही है।

ब्लास्ट के बाद पेट्रोल स्टेशन और आसपास की बिल्डिंग तबाह हो गईं। कई लोग मलबे में दब गए। रेस्क्यू के लिए इमरजेंसी सर्विस की टीमें बुलाई गई। पुलिस ने बताया कि हादसे में 8 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इनमें से एक की हालत नाजुक बताई जा रही है।

चीफ एंबुलेंस ऑफिसर जे जे मैकगोवन ने कहा कि शनिवार यानी 8 अक्टूबर को मलबे से 7 लोगों के शव बाहरे निकाले गए थे। अब तक 10 शवों को निकाला गया है। हादसे में घायल हुए लोगों को अस्पताल ले जाने के लिए 8 से 10 एंबुलेंस बुलाई गई थीं। MM

हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए

हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए

हमारा यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब कीजिए!

ट्वीटर पर हमें फ़ालो कीजिए 

फेसबुक पर हमारे पेज को लाइक करें

 

टैग्स