बांग्लादेश ने चीन की मदद से किया कुछ ऐसा कि भारत की बढ़ गई चिंता!
(last modified Tue, 21 Mar 2023 10:58:49 GMT )
Mar २१, २०२३ १६:२८ Asia/Kolkata
  • बांग्लादेश ने चीन की मदद से किया कुछ ऐसा कि भारत की बढ़ गई चिंता!

बांग्लादेश बंदरगाह पर पनडुब्बियों और युद्धपोतों को सुरक्षित जेटी फैसिलिटी प्रदान करने के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त सबमरीन बेस को शुरू किया है।

प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक़, सोमवार को प्रधानमंत्री शेख़ हसीना ने अपने आधिकारिक निवास गणभवन से 'बीएनएस शेख़ हसीना' नाम के सबमरीन बेस का उद्घाटन किया। चीन की मदद से बने इस सबमरीन बेस को कॉक्स बाज़ारा के पेकुआ में स्थापित किया गया है। 1.21 अरब डॉलर की लागत से बने इस बेस में एक बार में कुछ छह पनडुब्बी और आठ युद्धपोतों को तैनात किया जा सकता है। बंगाल की खाड़ी में स्थित यह बेस आपातकाल में पनडुब्बियों की सुरक्षित और तेज़ आवाजाही में भी मदद करेगा। यह बांग्लादेश की अब तक की सबसे उल्लेखनीय नौसैनिक कूटनीति उपलब्धियों में से एक है। 2009 में सत्ता में आने के बाद से ही शेख हसीना के नेतृत्व वाली सरकार ने अपने पिता बंगबंधु शेख़ मुजीबुर रहमान की तैयार की गई रक्षा नीति के अनुसार 'फोर्सेस गोल 2030' को लागू करना शुरू कर दिया है।

उल्लेखनीय है कि 2016 में शी जिनपिंग बांग्लादेश का दौरा करने वाले 30 वर्षों में पहले चीनी राष्ट्रपति बने। बांग्लादेश की भारत के साथ अधिक निकटता के कारण चीन ने पहले इस देश को उपेक्षित छोड़ा हुआ था। क्षेत्रीय विशेषज्ञों के अनुसार, शी जिनपिंग की यात्रा के बाद बांग्लादेश ने चीन से दो पनडुब्बियां ख़रीदी। ऐसे में चीन ने बांग्लादेश के लिए पनडुब्बी बेस बनाने का वादा किया था, जो बाद में भारत के लिए चिंता का विषय बन गया। हाल के वर्षों में बांग्लादेश ने अपनी रक्षा क्षमताओं का विस्तार किया है। पड़ोसी म्यांमार के करीब एक नया एयरबेस बनाया है। देश भर में कई नई सैन्य छावनियां खोली हैं और अपने नौसैनिक बेड़े में नए फ्रिगेट जोड़े हैं। जानकारों का कहना है कि सबमरीन बेस के चीन कनेक्शन से भारत के लिए मुश्किलें ज़रूर खड़ी हो सकती हैं। इस बेस के ज़रिए चीन भारतीय नौसेना की जासूसी कर सकता है। चीन की चाहत किसी न किसी तरह बंगाल की खाड़ी में अपनी मौजूदगी को बनाए रखना है। ऐसे में वह भारत के ऊपर दबाव डालने की रणनीति अपना सकता है। (RZ)

हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए

हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए

हमारा यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब कीजिए!

ट्वीटर पर हमें फ़ालो कीजिए 

फेसबुक पर हमारे पेज को लाइक करें