जापान में जी-7 का शिखर सम्मेलन शुरू
जापान के इसेशीमा क्षेत्र में संसार के सात बड़े आर्थिक देशों के समूह जी-7 का दो दिवसीय शिखर सम्मेलन गुरुवार से आरंभ हो गया है।
इस सम्मेलन में विश्व के सात बड़े नेताओं के बीच वैश्विक अर्थव्यवस्था की अनिश्चितता, विश्व शांति, आतंकवाद, दक्षिणी चीन सागर में निर्माण कार्य और शरणार्थी संकट पर प्रमुख रूप से बातचीत होगी। यह सम्मेलन एेसी स्थिति में शुरू हुआ है कि पूरे जापान के महत्वपूर्ण शहरों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। अमरीका, कनाडा, जापान, ब्रिटेन, फ़्रान्स, इटली और जर्मनी जी-7 के सदस्य देश हैं।
अमरीका के राष्ट्रपति बराक ओबामा जी-7 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए बुधवार को जापान पहुंचे। वे इस यात्रा में परमाणु बम से तबाह हीरोशिमा का भी दौरा करेंगे। उन्होंने जापान पहुंचने से पहले ही यह बात स्पष्ट कर दी थी कि वे अपनी यात्रा में हीरोशीमा और नागासाकी पर परमाणु बमबारी के लिए माफ़ी नहीं मांगेंगे। उनका कहना था कि युद्ध के समय हर देश के नेता अपने हिसाब से ज़रूरी निर्णय करते हैं। इस बीच जापान के प्रधानमंत्री ने अमरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के साथ संयुक्त बैठक में ओकिनावा शहर में एक अमरीकी सैनिक के अपराध पर आधिकारिक रूप से आपत्ति जताई। शीन्ज़ो आबे ने एक अमरीकी सैनिक के हाथों एक जापानी युवती की हत्या पर आपत्ति जताते हुए ओबामा से कहा कि अमरीका की ओर से इस अपराध पर केवल माफ़ी मांगना पर्याप्त नहीं होगा। (HN)