डाकुओं ने सेना का हेलीकाप्टर मार गिराया,राष्ट्रपति ने जताया शोक
(last modified Thu, 17 Aug 2023 03:41:43 GMT )
Aug १७, २०२३ ०९:११ Asia/Kolkata
  • डाकुओं ने सेना का हेलीकाप्टर मार गिराया,राष्ट्रपति ने जताया शोक

डाकुओं ने नाइजीरियाई सेना का हेलीकॉप्टर मार गिराया जिससे कई सैनिकों की मौत हो गयी।

नाइजीरिया के राष्ट्रपति बोला टीनुबू ने एक बयान में पीड़ितों के प्रति शोक व्यक्त किया। घटनास्थल के वीडियो में जले हुए हेलीकॉप्टर के हिस्सों के आसपास शव बिखरे हुए दिखाई दे रहे हैं। ऐसा प्रतीत होता है कि बंदूकधारियों ने अत्याधुनिक हथियारों का इस्तेमाल किया था।

बताया जा रहा है कि नाइजीरिया के उत्तरी मध्य क्षेत्र में बंदूकधारियों की गोलीबारी के बाद सेना का हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे उसमें सवार लोगों की मौत हो गई। यह घटना उस वक्त हुई जब इस हेलीकॉप्टर को एक अन्य हमले के बाद सैन्य कर्मियों के बचाव के लिए भेजा गया था।

नाइजीरिया की वायु सेना ने कहा कि एमआई-171 हेलीकॉप्टर नाइजर राज्य में हताहत हुए लोगों की निकासी के मिशन पर था। नाइजर डाकुओं के हमलों से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्यों में से एक है। वायु सेना ने कहा कि दुर्घटना के कारण की जांच की जा रही है। इस घटना में हताहतों की संख्या का विवरण नहीं दिया गया है।

स्थानीय लोगों ने एसोसिएटेड प्रेस को बताया कि राज्य के शिरोरो जिले में डाकुओं ने हेलीकॉप्टर को तब निशाना बनाया जब यह एक अन्य हमले में घायल सैनिकों को ले जा रहा था। डाकुओं के गिरोह में ज्यादातर पूर्व चरवाहे हैं, जिन्होंने भूमि और पानी तक सीमित पहुंच को लेकर कई दशकों तक कृषक समुदायों के साथ संघर्ष के बाद हथियार उठा है।

शिरोरो के एक युवा नेता ने बताया है कि बंदूकधारियों की गोलाबारी में हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हुआ और दुर्घटना में कम से कम 20 सैन्य कर्मियों की मौत हो गई। युवा नेता ने बताया कि बंदूकधारियों ने हमारे लोगों को बंधक बना लिया है और अब वे गांवों पर कब्जा कर रहे हैं। MM

हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए

हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए

हमारा यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब कीजिए!

ट्वीटर पर हमें फ़ालो कीजिए 

फेसबुक पर हमारे पेज को लाइक करें