पोलैंड ने यूक्रेनी अनाज के आयात पर लगी रोक को हटाने से इंकार कर दिया
(last modified Sat, 16 Sep 2023 10:26:13 GMT )
Sep १६, २०२३ १५:५६ Asia/Kolkata
  • पोलैंड ने यूक्रेनी अनाज के आयात पर लगी रोक को हटाने से इंकार कर दिया

अमरीका और यूरोपीय देशों के दबाव के बावजूद, पोलैंड ने यूक्रेनी अनाज के आयात पर लगी रोक को हटाने से इंकार कर दिया है।

शुक्रवार को एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए पोलैंड के प्रधानमंत्री माटेउश मोरोविकी ने कहाः यूरोपीय कमीशन से मतभेद के बावजूद, हम यूक्रेनी अनाज के आयात पर लगे बैन को नहीं हटाएंगे।

उन्होंने कहा कि हमारे लिए हमारे किसानों के हित सर्वोपरि हैं।

पोलैंड ने यूक्रेन से आ रहे अनाज के लिए अपनी सीमाएं बंद कर दी हैं। कहा जा रहा है कि पोलैंड के बाद स्लोवानिया और हंगरी ने भी इसी तरह की रोक लगाने का फ़ैसला किया है।

आर्थिक मामलों के पोलैंड के मंत्री वाल्देमार बुडा ने कहा है कि उन्होंने इससे जुड़े एक दस्तावेज़ पर हस्ताक्षर कर दिए हैं। यह रोक अनिश्चितकाल के लिए है और यह 16 सितंबर की रात से लागू हो जाएगी।

इस मुद्दे को लेकर यूरोपीय कमीशन और पोलैंड आमने-सामने हैं। कमीशन ने पोलैंड पर राजनीतिक कारणों से लोक लुभावन नीतियां अपनाने का आरोप लगाया है।

यूरोन्यूज़ के अनुसार, हंगरी ने यूक्रेन से आने वाले 24 कृषि उत्पादों पर रोक लगाने का आदेश जारी कर दिया है। इनमें अनाज, सब्ज़ियां, शहद और मीट शामिल हैं।

हालांकि पोलैंड यूक्रेन युद्ध में यूक्रेन का समर्थन करता रहा है। उसने नैटो से गुज़ारिश भी की थी कि वह अपने हथियार पोलैंड सीमा पर तैनात करे।

युद्ध शुरू होने के बाद से यूक्रेन काले सागर के रास्ते अनाज निर्यात नहीं कर पा रहा है, क्योंकि इस रास्ते पर एक तरह से रूस का पहरा है। ऐसे में वह सड़क मार्ग से अपने पड़ोसियों की मदद से अनाज का निर्यात कर रहा है। msm