तुर्की के सामने माफ़ी मांगना एकमात्र विकल्पः रूस
रूसी राष्ट्रपति के प्रवक्ता ने कहा है कि तुर्की के सामने माफ़ी मांगना एकमात्र विकल्प है।
दिमित्री पेस्कोफ़ ने सोमवार को कहा कि माॅस्को के साथ संबंध बहाल करने के लिए अन्कारा के पास सिर्फ़ एक ही मार्ग है और वह रूसी विमान को मार गिराने पर औपचारिक रूप से माफ़ी मांगना है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के संबंधों की बहाली सिर्फ़ तुर्की द्वारा औपचारिक रूप से माफ़ी मांगने और सुख़ोई-24 के गिरने से होने वाली हानी की क्षतिपूर्ति करने से ही संभव है और संबंध में कोई दूसरा मार्ग नहीं है।
रूस के राष्ट्रपति के प्रवक्ता का यह बयान, तुर्की के नए प्रधानमंत्री बिन अली यीलदरीम के नेतृत्व वाली नई सरकार की ओर से माॅस्को व अन्कारा के संबंधों की बहाली के लिए एक कार्य समिति गठित किए जाने की संभावना जताए जाने पर प्रतिक्रिया स्वरूप सामने आया है। इससे पहले रूस के राष्ट्रपति पुतीन ने भी अपनी यूनान यात्रा में कहा था कि अन्कारा से संबंध सामान्य करने के लिए माॅस्को की शर्तों में कोई परिवर्तन नहीं आया है और जब तक तुर्की, रूस की शर्तों को स्वीकार न करे और माफ़ी न मांगे तब तक दोनों देशों के संबंध बहाल नहीं हो सकते। (HN)