कोलंबिया ने अपनी हथियार आपूर्ति नीतियां क्यों बदलीं?
-
कोलंबिया ने पहला स्वदेशी डिज़ाइन और निर्मित असॉल्ट राइफल पेश किया
पार्सटुडे - कोलंबिया सरकार ने इज़राइली शासन और अमेरिका से हथियारों का आयात बंद करने के फैसले के बाद, पहला स्वदेशी डिज़ाइन और निर्मित असॉल्ट राइफल पेश किया है।
पार्स टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, कोलंबिया ने अपना पहला पूर्णतः स्वदेशी असॉल्ट राइफल दुनिया के सामने पेश किया है, जिसे देश के अंदर ही डिज़ाइन और निर्मित किया गया है। यह हथियार इजराइली शासन द्वारा निर्मित 'गैलील' राइफल का स्थान लेगा, जिसे 1990 के दशक से कोलंबिया में असेंबल किया जा रहा था।
इससे पहले, कोलंबिया लैटिन अमेरिका में हथियारों का सबसे बड़ा आयातक था और अपनी अधिकांश सैन्य जरूरतों की आपूर्ति इजरायल और अमेरिका से करता था। विशेष रूप से 'गैलील' राइफल ने, जिसे 1990 के दशक से कोलंबिया में असेंबल किया जा रहा था, विद्रोही ग्रुप्स और ड्रग कार्टेलों का मुकाबला करने में सेना की जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। लेकिन वामपंथी राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो द्वारा गज़ा युद्ध और फिलिस्तीनियों की हत्या के संदर्भ में इजरायली शासन की नीतियों की कड़ी आलोचना के बाद, इजरायल और अमेरिका से हथियारों की खरीद बंद कर दी गई और कोलंबिया सरकार ने हथियार निर्माण में आत्मनिर्भरता की दिशा में बढ़ने का फैसला किया।
पेट्रो ने एलान किया कि सेना को राष्ट्रीय संप्रभुता को मजबूत करने के लिए अपनी हथियार आपूर्ति के स्रोत सुरक्षित करने चाहिए, और इसी के चलते कोलंबिया की रक्षा नीतियों में एक नया मोड़ लाने का निर्णय लिया गया।
अब कोलंबिया द्वारा पेश किए गए नए हथियार, 'गैलील' हथियारों की तुलना में 15% हल्के और 25% सस्ते हैं। ये फायदे न केवल लागत कम करने में मदद करते हैं, बल्कि देश के भीतर ही हथियारों के बड़े पैमाने पर उत्पादन की संभावना भी पैदा करते हैं। चूंकि इन हथियारों को विशेष रूप से कोलंबिया की भौगोलिक जरूरतों के लिए डिजाइन किया गया है, इसलिए कोलंबियाई सेना के लिए इनका उपयोग और रखरखाव कहीं अधिक आसान होगा।
साथ ही, स्वदेशी हथियारों का उत्पादन कोलंबिया की अर्थव्यवस्था के लिए कई अवसर भी ला सकता है। स्वदेशी हथियारों की उत्पादन लाइन स्थापित करने के लिए औद्योगिक बुनियादी ढांचे के विकास की जरूरत होगी, जिससे अपने आप में लोगों के लिए रोजगार के काफी अवसर पैदा होंगे। यह कदम देश के अंदर प्रौद्योगिकी के हस्तांतरण का एक अवसर भी प्रदान करता है, जिससे नई तकनीकों से जुड़े अन्य उद्योगों के विकास और प्रगति को मदद मिल सकती है। इसके अलावा, ऐसे समय में जब कई देश अंतरराष्ट्रीय नीतियों के कारण आर्थिक मुश्किलों का सामना कर रहे हैं, हथियारों का घरेलू उत्पादन कोलंबिया को बाहरी दबावों को कम करने और आयात पर अपनी निर्भरता घटाने में मदद कर सकता है।
इस कार्रवाई का राजनीतिक कारणों के अलावा, कोलंबिया की घरेलू अर्थव्यवस्था पर भी महत्वपूर्ण प्रभाव पड़ेगा। वास्तव में, इस तरह की सफलताएं इस नीति को अर्थव्यवस्था के अन्य क्षेत्रों में भी फैलने का कारण बनेंगी और देश पश्चिमी देशों से आयात पर निर्भरता से मुक्त हो जाएगा। साथ ही, सैन्य क्षेत्र में किए गए निवेश से स्वयं उत्पादन, प्रौद्योगिकी और इस क्षेत्र में विशेष प्रशिक्षण के बुनियादी ढांचे का विस्तार होगा। जैसा कि अभी, कोलंबिया की घरेलू रक्षा कंपनियों ने तकनीकी और सैन्य संस्थानों के सहयोग से नए हथियारों को डिजाइन किया है और अगले पांच वर्षों में इन हथियारों की 400,000 इकाइयों का उत्पादन करने का इरादा रखती हैं।
इन परिवर्तनों से लैटिन अमेरिका क्षेत्र और यहां तक कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कोलंबिया की स्थिति भी मजबूत होती है, खासकर जब कोलंबिया स्वदेशी हथियारों के उत्पादन में अपने सफल अनुभव को अन्य विकासशील देशों तक पहुंचा सकता है।
हालाँकि, यद्यपि कोलंबिया का यह कदम इसकी रक्षा और आर्थिक नीतियों में एक मील का पत्थर साबित हो सकता है, लेकिन इसे वित्तीय संसाधनों और प्रौद्योगिकी की उपलब्धता के मामले में चुनौतियों का भी सामना करना पड़ रहा है, जिनपर क्षेत्रीय सहयोग और संपर्क बढ़ाकर काबू पाया जा सकता है।
ऐसा प्रतीत होता है कि हथियारों के उत्पादन में आत्मनिर्भरता की दिशा में कोलंबिया का यह कदम लैटिन अमेरिका के अन्य देशों के लिए एक महत्वपूर्ण उदाहरण बन सकता है। यह प्रक्रिया क्षेत्र के देशों के बीच रक्षा और प्रौद्योगिकी सहयोग को बढ़ावा दे सकती है और बाहरी खतरों तथा वैश्विक दबावों के मुकाबले इन देशों की स्थिति मजबूत कर सकती है। अंततः, इस बदलाव के भविष्य के परिणामस्वरूप, राजनीतिक प्रभावों के अलावा, कोलंबिया और उसके बाद संपूर्ण लैटिन अमेरिकी देशों की आर्थिक और सैन्य शक्ति में वृद्धि हो सकती है। (AK)
कीवर्ड्ज़: ज़ायोनी शासन, इज़राइल, इस्राईल, अमरीका, कोलंबिया
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए