सऊदी रक्षामंत्री से नहीं मिलेंगे ओबामाः वाइट हाऊस
https://parstoday.ir/hi/news/world-i14728-सऊदी_रक्षामंत्री_से_नहीं_मिलेंगे_ओबामाः_वाइट_हाऊस
वाइट हाऊस ने कहा है कि अमरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा का सऊदी राजकुमार और रक्षामंत्री मुहम्मद बिन सलमान से मुलाक़ात का कोई कार्यक्रम नहीं है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Jun १५, २०१६ १३:०१ Asia/Kolkata
  • सऊदी रक्षामंत्री से नहीं मिलेंगे ओबामाः वाइट हाऊस

वाइट हाऊस ने कहा है कि अमरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा का सऊदी राजकुमार और रक्षामंत्री मुहम्मद बिन सलमान से मुलाक़ात का कोई कार्यक्रम नहीं है।

अमरीका में मौजूद सऊदी अरब के रक्षामंत्री मुहम्मद बिन सलमान ने कहा था कि वे वाशिंग्टन में ओबामा से मुलाक़ात करेंगे।

अमरीका के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाक़ात के लिए वे सोमवार को वाशिंग्टन पहुंचे थे। सऊदी अरब की शाही अदालत ने घोषणा की है कि मुहम्मद बिन सलमान और अमरीकी अधिकारी, द्विपक्षीय संबंधों को मज़बूत करने के बारे में क्षेत्रीय मामलों और संयुक्त हितों के बारे में वार्ता करेंगे।

30 वर्षीय राजकुमार मुहम्मद बिन सलमान के अनुसार वे गुरूवार को अमरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा से मुलाक़ात करेंगे किन्तु वाइट हाऊस के अधिकारियों ने घोषणा की है कि अभीतक इस प्रकार की मुलाक़ात के बारे में कोई कार्यक्रम नहीं बना है। अमरीकी विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता ड्यू टियान्टाविच ने फ़ारेन पालिसी पत्रिका से बात करते हुए कहा कि अभीतक इस प्रकार की मुलाक़ात की पुष्टि नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि केवल अनुमान के आधार पर मैं कोई बात नहीं कहूंगा।

सऊदी अरब के बारे में शोध करने वाली संस्था वेल्सन सेन्टर ने कहा है कि बड़े आश्चर्य की बात है कि सऊदी अधिकारी कह रहें कि बिन सलमान, ओबामा से मुलाक़ात करेंगे जबकि वाइट हाऊस इस प्रकार की किसी भी मुलाक़ात की पुष्टि नहीं करता जबकि अमरीकी अधिकारी बिन सलमान के अमरीका आने से पूरी तरह अवगत थे।

ज्ञात रहे कि सऊदी राजकुमार एवं वहां के रक्षामंत्री मुहम्मद बिन सलमान एेसी स्थिति में अमरीका के दौरे पर है कि ग्यारह सितंबर की घटना में सऊदी अरब की भूमिका पर हंगामा यथावत जारी है। (AK)