मुर्सी के मामले में क़तर की प्रतिक्रिया अपेक्षित है, मिस्र
मिस्र के विदेश मंत्रालय ने इस देश के अपदस्थ राष्ट्रपति मोहम्मद मुर्सी को उम्रक़ैद की सज़ा पर क़तर की प्रतिक्रिया को अपेक्षित कहा है।
स्पुटनिक न्यूज़ एजेंसी के अनुसार, मोहम्मद मुर्सी के ख़िलाफ़ जारी आदेश में क़तर के नाम के उल्लेख पर इस देश के विदेश मंत्रालय के विरोध के बाद, मिस्र ने कहा है कि दोहा की ओर से इस तरह की प्रतिक्रिया अपेक्षित थी।
मिस्री विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अहमद अबू ज़ैद ने दावा किया कि पिछले कई वर्षों से क़तर ने वित्तीय सहायता व मीडिया प्रचार द्वारा मिस्री जनता व सरकारी तंत्र के साथ दुश्मनी की है। अबू ज़ैद ने इस बात की ओर इशारा करते हुए कि मिस्री जनता उन लोगों को नहीं भुला सकती जिन्होंने उसके साथ बुरा किया है, बल दिया कि मिस्री जनता की क़तर की जनता के साथ मित्रता बाक़ी रहेगी और क़ाहेरा अन्य देशों के मामलों में हस्तक्षेप न करते हुए अरब राष्ट्रों के हितों का समर्थन करता है।
इससे पहले मिस्र के अपदस्थ राष्ट्रपति मोहम्मद मुर्सी के ख़िलाफ़ आदेश में क़तर के नाम के उल्लेख पर दोहा ने आपत्ति जताते हुए इसकी निंदा की थी।
ज्ञात रहे रविवार को मिस्र में एक अदालत ने मोहम्मद मुर्सी को क़तर के लिए जासूसी का दोषी ठहराते हुए, उन्हें उम्र क़ैद की सज़ा सुनायी। (MAQ/N)