फ़ल्लूजा ऑप्रेशन की सफलता का मिस्र की ओर से स्वागत
मिस्र ने इराक़ के फ़ल्लूजा ऑप्रेशन की सफलता का स्वागत किया है।
स्पुटनिक न्यूज़ के अनुसार, मिस्री विदेश मंत्रालय ने एक बयान में इराक़ के अंबार प्रांत के फ़ल्लूजा की दाइश के क़ब्ज़े से आज़ादी के ऑप्रेशन में मिली सफलता का स्वागत किया।
मिस्री विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अहमद अबू ज़ैद ने कहा कि क़ाहेरा दाइश के क़ब्ज़े से अंबार प्रांत के फ़ल्लूजा शहर की आज़ादी के लिए अब तक की कार्यवाही का स्वागत करता है और इसे इराक़ में आतंकवाद के ख़िलाफ़ सफलता और पूरे इराक़ में सुरक्षा व स्थिरता को लौटाने के लिए महत्वपूर्ण समझता है।
मिस्री विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने उम्मीद जतायी कि इराक़ सरकार और सेना आतंकवाद के ख़िलाफ़ संघर्ष करते हुए दाइश को ख़त्म करने का अभियान जारी रखेगी और पूरे इराक़ पर अपनी संप्रभुता को हासिल कर लेगी।
मिस्र ने इसी प्रकार उम्मीद जतायी कि इराक़ में आतंकवाद से मुक़ाबले के साथ साथ राजनैतिक सुधार की प्रक्रिया भी लागू होगी ताकि इस देश का राष्ट्रीय ढांचा सुरक्षित रहे।
ज्ञात रहे इराक़ी प्रधान मंत्री हैदर अलएबादी की ओर से फ़ल्लूजा की आज़ादी के लिए दिए गए आदेश के बाद, 23 मई को पश्चिमी इराक़ में दाइश के एक महत्वपूर्ण गढ़ फ़ल्लूजा पर इराक़ी सेना का नियंत्रण हो गया। इस कार्यवाही में आतंकियों की बुरी तरह हार हुयी।(MAQ/N)