अमरीका अपने लिए गंभीर ख़तरे मोल ले रहा हैः उत्तरी कोरिया
उत्तरी कोरिया ने घोषणा की है कि देश के नेेता किम जोंगऊन पर अमरीका की ओर से पाबंदी युद्ध के समान है।
फ़्रांस प्रेस के अनुसार उत्तरी कोरिया के विदेश मंत्रालय ने घोषणा की है कि अमरीका की ओर से देश के नेता किम जोंगऊन पर लगाया गया शत्रुतापूर्ण प्रतिबंध युद्ध के समान है और यह हमें अपने शत्रु से मुक़ाबले की अनुमति देता है।
मानवाधिकारों के उल्लंघन के आरोप में अमरीका ने बुधवार को उत्तर कोरिया के नेता पर पाबंदी लगाई है।
अमरीकी वित्त मंत्रालय की ओर से जारी बयान के अनुसार उत्तरी कोरिया में हो रहे मानवाधिकारों के उल्लंघन के लिए किम जोंगऊन सीधे तौर पर जिम्मेदार हैं।
अमरीका ने उत्तरी कोरिया के नेता के अतिरिक्त इस देश के दस और अधिकारियों को भी ब्लैकलिस्ट किया गया है।
उत्तरी कोरिया के नेता और दस अन्य अधिकारियों के ख़िलाफ़ की गई कार्रवाई का मतलब यह है कि अब अमरीका में यदि इन लोगों की कोई व्यक्तिगत संपत्ति है तो ज़ब्त कर ली जाएगी। वे किसी अमरीकी नागरिक या संस्था के साथ व्यापार नहीं कर पाएंगे।
इन प्रतिबंधों पर उत्तरी कोरिया ने अपनी पहली प्रतिक्रिया में अमरीका से मांग की है कि वह इस बारे में तुरंत पुनर्विचार करे। पियुंगयांग ने चेतावनी दी है कि यदि इस बारे मे अमरीका की ओर से तुरंत कोई क़दम नहीं उठाया गया तो सभी कूटनैतिक माध्यमों को बंद कर दिया जाएगा।
उत्तरी कोरिया के बयान में कहा गया है कि अमरीका, उत्तरी कोरिया के नेता के विरुद्ध इस प्रकार की शत्रुतापूर्ण कार्यवाही करके अपने लिए संकट खड़ा कर रहा है जो उसके हित में नहीं होगा।