धमकी मिलने के बाद बढाई गई डलास पुलिस मुख्यालय की सुरक्षा
अधिकारियों को धमकी मिलने के बाद डलास पुलिस मुख्यालय को बंद कर दिया गया।
फ्रांस प्रेस के अनुसार डलास की पुलिस ने शनिवार को एक बयान जारी करके घोषणा की है कि उसे देश व्यापी स्तर पर पुलिस पर हमले की धमकी मिली है जिसके कारण सुरक्षा कारणों से पुलिस मुख्यालय की सुरक्षा बढाई जा रही है।
टेक्सस शहर में एक बंदूकधारी के हाथों पांच पुलिस अधिकारियों के मारे जाने की घटना के दो दिन बाद डलास पुलिस ने कल मीडिया को ई-मेल से भेजे गए एक बयान में बताया कि डलास पुलिस विभाग को अज्ञात सूत्र से धमकी मिलने के बाद ऐहतियात के तौर पर यह कदम उठाया गया है।
डलास पुलिस मुख्यालय की इमारत पर एसडब्ल्यूएटी के अधिकारी तैनात किए गए हैं।
स्थानीय मीडिया की खबर के अनुसार, एसडब्ल्यूएटी के अधिकारियों को मुख्य इमारत पर तैनात किया गया है। डलास मॉर्निंग न्यूज की खबर में बताया गया है कि मुखौटा पहने हुए एक व्यक्ति के नजर आने के बाद पुलिस अत्यधिक सतर्कता बरत रही है। बयान के अनुसार, काले रंग का मुखौटा पहने हुए एक व्यक्ति मुख्यालय के पीछे स्थित पार्किंग के गैरज में देखा गया। बताया जाता है कि अधिकारी पार्किंग एवं गैरज की तलाशी ले रहे हैं।
ज्ञात रहे कि पिछले कुछ दिनों के दौरान अमरीका के विभिन्न राज्यों में जातीवादी हिंसा के विरुद्ध व्यापक प्रदर्शन किये जा रहे हैं।