अमरीका से होगी आरपार की लड़ाईः उत्तरी कोरिया
https://parstoday.ir/hi/news/world-i17326-अमरीका_से_होगी_आरपार_की_लड़ाईः_उत्तरी_कोरिया
उत्तरी कोरिया ने अमरीका को जवाबी कार्यवाही की धमकी दी है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Jul ११, २०१६ ०७:१२ Asia/Kolkata
  • अमरीका से होगी आरपार की लड़ाईः उत्तरी कोरिया

उत्तरी कोरिया ने अमरीका को जवाबी कार्यवाही की धमकी दी है।

दक्षिणी कोरिया में मिसाइल रोधी अमेरिकी प्रणाली लगाने की योजना के जवाब में उत्तरी कोरिया ने कठोर कार्रवाई करने की धमकी दी है।

 

उत्तरी कोरिया के शासक किम जोंग ने अमरीका के खिलाफ आरपार की जंग की तैयारी करनी शुरु कर दी है। अमरीकी पाबंदियों के बावजूद उत्तरी कोरिया ने अमरीका का मुक़ाबला करने के लिए तरह-तरह के हथियारों का परीक्षण करना शुरु कर दिया है । उत्तरी कोरिया ने दक्षिणी कोरिया में मिसाइल रोधी अमरीकी प्रणाली तैनात किए जाने की योजना के जवाब में अब कार्रवाई करने की धमकी दी है।

 

आधिकारिक कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी के अनुसार, उत्तर कोरियाई सेना के आर्टिलरी ब्यूरो ने कहा है कि दक्षिणी कोरिया में मिसाइल रोधी अमरीकी प्रणाली ‘थाड’ की तैनाती की जगह और स्थान की पुष्टि होते ही, इसे पूरी तरह नियंत्रित करने के लिए जवाबी कार्रवाई की जाएगी।

 

उत्तरी कोरिया ने यह चेतावनी भी दी कि टर्मिनल हाई एल्टीट्यूड एरिया डिफेंस या “थाड” प्रणाली तैनात करके दक्षिण कोरिया अपने ही विनाश की ओर बढ़ेगा। उत्तरी कोरिया का कहना है कि सेना के पास आक्रामक हमले के लिए पर्याप्त नए साधन मौजूद हैं और सेना, “थाड” तैनात करके युद्ध भड़काने की अमरीकी इच्छा के खिलाफ अधिक निर्मम एवं शक्तिशाली आवश्यक कदम उठाएगी।