अलकरादा और बलद के धमाके अति निंदनीयः अलअज़हर
मिस्र के अलअज़हर विश्वविद्यालय ने इराक़ के अलकरादा और बलद क्षेत्रों में हालिया दिनों किये गए धमाकों की कड़े शब्दों में निंदा की है।
अयौमुस्साबे समाचार एजेन्सी के अनुसार अलअज़हर ने एक बयान जारी करके स्पष्ट शब्दों में घोषणा की है कि अलकरादा और बलद में किये गए धमाके निंदनीय हैं।
अलअज़हर के बयान में कहा गया है कि यह आतंकवादी हमले, इस्लामी शिक्षाओं के बिल्कुल विपरीत हैं। इस बयान में कहा गया है कि इराक़ियों को एकजुट होकर आतंकवाद जैसी बुराई का डटकर मुक़ाबला करना चाहिए।
अलअज़हर के बयान के अनुसार इराक़ के दलों और गुटों को चाहिए कि वे सब मिलकर इराक़ में फैलाए जा रहे सांप्रदायिक मतभेद को विफल बनाएं क्योंकि शत्रु, मुसलमानों के बीच मतभेद फैला रहे हैं।
ज्ञात रहे कि हाल में इराक़ के अलकरादा क्षेत्र में किये गए कार बम विस्फोट में 300 से अधिक लोग मारे गए थे जबकि बलद में भी धार्मिक स्थल पर हुए आत्मघाती हमले में बड़े पैमाने पर नुक़सान हुआ था।