तुर्की की प्रत्यपर्ण की मांग पर अमरीका विचार करेगा, केरी
https://parstoday.ir/hi/news/world-i17854-तुर्की_की_प्रत्यपर्ण_की_मांग_पर_अमरीका_विचार_करेगा_केरी
अमरीका ने कहा है कि वह तुर्की की ओर से विपक्षी नेता फ़त्हुल्ला गूलेन के प्रत्यर्पण की मांग की स्थिति में उसपर विचार करने के लिए तय्यार है किन्तु अभी तक इस तरह की कोई मांग नहीं की गयी है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Jul १७, २०१६ ०७:४२ Asia/Kolkata
  • (फ़ाइल फ़ोटो) फ़त्हुल्ला गूलेन
    (फ़ाइल फ़ोटो) फ़त्हुल्ला गूलेन

अमरीका ने कहा है कि वह तुर्की की ओर से विपक्षी नेता फ़त्हुल्ला गूलेन के प्रत्यर्पण की मांग की स्थिति में उसपर विचार करने के लिए तय्यार है किन्तु अभी तक इस तरह की कोई मांग नहीं की गयी है।

अमरीकी विदेश मंत्री ने यह बयान ऐसी स्थिति में दिया है कि तुर्क राष्ट्रपति रजब तय्यब अर्दोग़ान ने शनिवार की शाम टेलिविजन भाषण में यह कहते हुए कि तुर्की ने कभी भी अमरीका की ओर से प्रत्यर्पण के निवेदन को ख़ाली नहीं जाने दिया, बल दिया कि वॉशिंग्टन को गूलेन को अंकारा के हवाले कर देना चाहिए। इसी प्रकार अर्दोग़ान ने आतंकवाद के ख़िलाफ़ लड़ाई में अमरीका के साथ तुर्की के सहयोग का उल्लेख किया।

 

रिपोर्ट के अनुसार, तुर्क राष्ट्रपति ने कहा, “जब हम ख़ुद को स्ट्रैटिजिक भीगीदार कहते हैं तो आपको हमारी मांग को पूरा करना चाहिए।”

टेलिविजन पर प्रसारित इस भाषण में अर्दोग़ान ने कहा कि अमरीका को गूलेन को प्रत्यर्पित करना चाहिए।

अमरीकी विदेश मंत्री जॉन केरी ने कहा कि अंकारा को अमरीका में रह रहे अर्दोग़ान के पूर्व साथी गूलेन की ग़लती को साबित करना होगा। गूलेन 1999 में तुर्की से अमरीका चले गए।

केरी ने लक्ज़मबर्ग के दौरे में प्रेस ब्रीफ़िंग में कहा, “हमें पूरी तरह अंदाज़ा था कि गूलेन के बारे में सवाल उठेंगे। हम यक़ीनन तुर्क की सरकार को जांच की कसौटी पर खरा उतरने वाले वैध सुबूत के साथ आमंत्रित करेंगे। अमरीका उसे स्वीकार करेगा, उस पर विचार करेगा और और उचित फ़ैसला करेगा।”

 

ऐसे समय जब तुर्क प्रधान मंत्री बिनाली यिलद्रिम ने गूलेन के समर्थकों पर सैन्य विद्रोह का आरोप लगाया है गूलेन ने इस घटना में किसी प्रकार की संलिप्तता को रद्द किया है।

 

फ़त्हुल्ला गूलेन ने शुक्रवार की रात के सैन्य विद्रोह की कड़े शब्दों में निंदा की है। (MAQ/N)