तालेबान ने स्वीकार की क्वेटा अस्पताल के आतंकवादी हमले की ज़िम्मेदारी
https://parstoday.ir/hi/news/world-i20086-तालेबान_ने_स्वीकार_की_क्वेटा_अस्पताल_के_आतंकवादी_हमले_की_ज़िम्मेदारी
पाकिस्तान के बलोचिस्तान प्रांत के केन्द्र क्वेटा में सिविल अस्पताल में सोमवार को हुए आतंकवादी हमले की ज़िम्मेदारी, तालेबान ने ली है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Aug ०९, २०१६ ११:२२ Asia/Kolkata
  • तालेबान ने स्वीकार की क्वेटा अस्पताल के आतंकवादी हमले की ज़िम्मेदारी

पाकिस्तान के बलोचिस्तान प्रांत के केन्द्र क्वेटा में सिविल अस्पताल में सोमवार को हुए आतंकवादी हमले की ज़िम्मेदारी, तालेबान ने ली है।

रोयटर्ज़ के अनुसार, पाकिस्तानी तालेबान की शाखा जमाअतुल अहरार ने इस हमले की ज़िम्मेदारी ली है।

ज्ञात रहे सोमवार को सुबह क्वेटा के सिविल अस्पताल में हुए धमाके में 93 लोग हताहत और दसियों अन्य घायल हुए।

मरने वालों में 2 पत्रकार और बड़ी संख्या वकील शामिल हैं।  बहुत से घायलों की स्थिति चिंताजनक बनी हुयी है।

जिस समय क्वेटा के सिविल अस्पताल में धमाका हुआ उस समय बड़ी संख्या में क्वेटा शहर के वकील सिविल अस्पताल में इकट्ठा थे। ये वकील इस शहर के एक वकील बिलाल कासी की हत्या के विरोध में इस अस्पताल में इकट्ठा हुए थे जहां बिलाल कासी का शव रखा था।

पाकिस्तानी राष्ट्रपति ममनून हुसैन और प्रधानमंत्री नवाज़ शरीफ़ ने इस आतंकवादी हमले के पीड़ितों के परिजनों को सांत्वना देते हुए कहा कि सरकार, आतंकवाद के ख़िलाफ़ संघर्ष में गंभीर है।

ईरान की राष्ट्रीय सुरक्षा की सर्वोच्च परिषद के सचिव अली शमख़ानी ने भी क्वेटा सिविल अस्पताल में हुए आतंकवादी हमले की भर्त्सना करते हुए कहा कि आतंकियों व चरमपंथियों ने मानव समाज के आम जीवन के सभी प्रतीकों को निशाना बनाया है। (MAQ/N)