विश्व समुदाय सीरिया में हार गयाः बान की मून
https://parstoday.ir/hi/news/world-i24172-विश्व_समुदाय_सीरिया_में_हार_गयाः_बान_की_मून
संयुक्त राष्ट्र संघ के महासचिव ने कहा है कि विश्व समुदाय सीरिया में पराजित हो गया है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Sep २२, २०१६ ०५:११ Asia/Kolkata
  • विश्व समुदाय सीरिया में हार गयाः बान की मून

संयुक्त राष्ट्र संघ के महासचिव ने कहा है कि विश्व समुदाय सीरिया में पराजित हो गया है।

सीरिया के बारे में संयुक्त राष्ट्र संघ की सुरक्षा परिषद की बैठक में बान की मून ने कहा है कि सीरिया में विश्व समुदाय हार गया है और इस देश में अंतर्राष्ट्रीय क़ानूनों का खुल कर उल्लंघन किया जा रहा है। उन्होंने पांच साल से अधिक समय से जारी सीरिया संकट को विश्व समुदाय के लिए शर्मनाक बताया और इस बात का उल्लेख करते हुए कि संसार इस समय सीरिया में संपूर्ण विजय या पराजय के दोराहे पर है, मुख्य पक्षों से मांग की कि वे संघर्ष विराम लागू कराने और लोगों तक मानवीय सहायता पहुंचाने की कार्यवाही पुनः आरंभ कराने के लिए अपने प्रभाव का इस्तेमाल करें। बान की मून ने कहा कि सीरिया युद्ध में अब तक तीन लाख लोग मारे जा चुके हैं, इस देश के आधे से अधिक लोग बेघर हो गए हैं और इस देश का बुनियादी ढांचा तबाह हो चुका है और यह सब सुरक्षा परिषद के सदस्यों के लिए एक डरावने सपने की तरह होना चाहिए।

 

इस बीच संयुक्त राष्ट्र संघ में सीरिया के प्रतिनिधि ने कहा है कि उनका देश कभी भी इस बात की अनुमति नहीं देगा कि सीरिया को एक दूसरे लीबिया या इराक़ में बदल दिया जाए। बश्शार जाफ़री ने न्यूयार्क में कहा कि उनकी सरकर, सीरियाई पक्षों के साथ बिना किसी पूर्व शर्त के वार्ता के लिए तैयार है ताकि किसी भी प्रकार के विदेशी हस्तक्षेप के बिना संकट का समाधान खोजा जा सके। उन्होंने दैरुज़्ज़ूर में सीरियाई सैनिकों पर अमरीका के युद्धक विमानों के हालिया हमले के बारे में कहा कि इस हमले के बाद दूसरा हमला उस समय हुआ जब सीरियाई सैनिक घायलों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की कोशिश कर रहे थे। (HN)