दुनिया के 41 देशों में मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय अली असग़र दिवस
करबला के सबसे छोटे शहीद की याद में अंतर्राष्ट्रीय अली असग़र दिवस शुक्रवार को दुनिया के 41 देशों में एक साथ मनाया गया।
अंतर्राष्ट्रीय अली असग़र परिषद के सचिव दाऊद मनाफ़ीपूर ने बताया कि इस वर्ष दुनिया के जिन 41 देशों में अंतर्राष्ट्रीय अली असग़र दिवस मनाया गया उनमें ब्रिटेन, जर्मनी और स्वीडन भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि ईरान, सऊदी अरब, यमन, इराक़, तुर्की, भारत, पाकिस्तान, सिंगापूर और थाईलैंड सहित दुनिया के 41 देशों में अंतर्राष्ट्रीय अली असग़र दिवस की शोक सभाएं साथ आरंभ हुईं।
उनका कहना था कि हज़रत अली असग़र अलैहिस्सलाम की शहादत, करबला की हृदय विदारक घटना की ओर लोगों के ध्यान को आकर्षित करने का बेहतरीन साधन है और इसमें लोगों के दिलों को झिंझोड़ने की अथाह शक्ति पायी जाती है। दाऊद मनाफ़ीपूर ने कहा कि इस वर्ष ईरान में 3 हज़ार 500 स्थानों पर अंतर्राष्ट्रीय अली असग़र दिवस की शोक सभाएं आयोजित हुईं जिनमें एक करोड़ महिलाओं ने अपने दूध पीते बच्चों के साथ भाग लिया।
ज्ञात रहे कि अंतर्राष्ट्रीय अली असग़र दिवस हर वर्ष मुहर्रम के पहले शुक्रवार को पूरी श्रद्धा के साथ मनाया जाता है और दुनिया के करोड़ों पुरुष और महिलाएं अपने दूध पीते बच्चों के साथ इस कार्यक्रम में भाग लेकर करबला के सबसे छोटे शहीद हज़रत अली असग़र को याद करती हैं। (AK)