ईरान से संबंध तोड़कर बहुत बड़ी ग़लती की थी: कनाडाई प्रधानमंत्री
कनाडा के प्रधानमंत्री ने ईरान में अपना दूतावास बंद करने के फ़ैसले को ग़लत करार दिया है।
सीबीसी न्यूज़ के अनुसार प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने स्वीकार किया है कि तेहरान में दूतावास बंद करने और ईरान से संबंध तोड़ने का फ़ैसला ग़लत था।
कनाडाई प्रधानमंत्री ने कहा कि पूर्व सरकार ने केवल राजनीतिक और वैचारिक आधार पर तेहरान में अपना दूतावास बंद करने का फ़ैसला किया था। यह पहली बार नहीं है जब कनाडा के एक उच्च अधिकारी ने ईरान के साथ कूटनीतिक संबंध तोड़ने के फ़ैसले को पूर्व सरकार की ग़लती करार दिया है।
इससे पहले कनाडा के विदेश मंत्री स्टीफन डेवोन ने भी कहा था कि तेहरान में दूतावास बंद करने और ईरान के साथ संबंध तोड़ने का फ़ैसला सही नहीं था। उनका कहना था कि हमें इस क्षेत्र में उपयोगी भूमिका निभाने के लिए तेहरान वापस जाना होगा।
कनाडा के विदेश मंत्री का कहना था कि ईरान के साथ संबंध सामान्य करने की मांग ज़ोर पकड़ती जा रही है और हमें ऐसा करना ही पड़ेगा। उल्लेखनीय है कि कनाडा की पूर्व सरकार ने सितंबर 2012 में एकतरफ़ा तौर पर ईरान से अपने संबंध ख़त्म कर दिए थे। (RZ)