फ़्रांस, सीरिया संकट में वृद्धि कर रहा हैः पुतीन
रूस के राष्ट्रपति विलादीमीर पुतीन ने फ़्रांस पर सीरिया की स्थिति को अधिक संकटमयी बनाने का आरोप लगाया है।
फ़्रांस प्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, रूस के विलादीमीर पुतीन ने बुधवार को कहा कि फ़्रांस ने सीरिया के बारे में सुरक्षा परिषद में पेश प्रस्ताव के मसौदे को वीटो करने पर विवश किया जिसके कारण इस देश का संकट अधिक गहरा गया है।
रूसी राष्ट्रपति ने कहा कि फ़्रांस ने जान बूझकर यह प्रस्ताव सुरक्षा परिषद में पेश किया ताकि रूस इस पर वीटो करे और रूस के लिए मामला जटिल हो जाए।
विलादीमीर पुतीन ने कहा कि सीरिया के बारे में फ़्रांस ने सुरक्षा परिषद में जो प्रस्ताव पेश किया था उसमें केवल सीरिया की सरकार को ज़िम्मेदार ठहराया गया था।
ज्ञात रहे कि इससे पहले भी पुतीन और ओलांद के मध्य सीरिया मामले पर नोकझोंक हो चुकी है। फ़्रांस के राष्ट्रपति फ़्रांसवा ओलांद, सीरिया की सरकारी सेना के साथ रूस के संयुक्त अभियान को रोकने के लिए विलादीमीर पुतीन को विवश करना चाहते थे किन्तु विलादीमीर पुतीन ने उन्हें बुरी तरह झाड़ दिया था।
रूस के राष्ट्रपति विलादीमीर पुतीन ने फ़्री सीरियन आर्मी, अलक़ायदा और तकफ़ीरी आतंकियों के विरुद्ध संयुक्त हवाई कार्यवाही रोकने की ओलांद की मांग पर कहा कि यह कार्यवाहियां, रूसी विमानों को मार गिराए जाने के अतिरिक्त किसी भी चीज़ से रुकने वाली नहीं है और इसका अर्थ नया विश्व युद्ध होगा यदि आप लोग अर्थात फ़्रांस, ब्रिटेन और अमरीका, युद्ध चाहते हैं तो हम भी तैयार हैं। (AK)