मज़ार शरीफ़ में जर्मनी के वाणिज्य दूतावास पर आत्मघाती हमला
इस हमले की जिम्मेदारी तालेबान ने स्वीकार की है।
अफगानिस्तान के मजार शरीफ नगर में जर्मनी के वाणिज्य दूतावास में एक आत्मघाती हमला हुआ जिसमें कम से कम 6 व्यक्तियों की मृत्यु हो गई । प्राप्त समाचारों के अनुसार इस हमले में स्थानीय लोगों सहित कुल 100 लोग घायल हो गए। पुलिस के अनुसार आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटकों से भरी एक कार को दूतावास की इमारत से टकरा दी जिसके कारण विस्फोट हुआ।
जर्मन सेना की संयुक्त सैन्य कमान के एक प्रवक्ता ने बताया कि विस्फोट के बाद वहां गोलियों की आवाजें भी सुनाई दीं। एक अस्पताल के अधिकारी ने बताया कि हमले में स्थानीय लोगों सहित कुल 100 लोग घायल हुए हैं जिनमें कुछ की स्थिति चिंताजनक है। सूत्रों के अनुसार इस हमले की जिम्मेदारी तालेबान ने स्वीकार की है।
तालिबान सूत्रों के अनुसार इस महीने की शुरुआत में कुंदूज में गठबंधन सेनाओं की ओर से किए गए हमले का बदला लेने के लिए उसने यह हमला किया।
ज्ञात रहे कि मज़ार शरीफ शहर के बाहर नैटो का एक शिविर है जिसकी कमान जर्मनी के हाथों में है। नैटो के एक प्रवक्ता के अनुसार गठबंधन सेना इस आत्मघाती हमले की जांच कर रही है। जर्मनी के विदेश मंत्रालय ने इस घटना पर अभी कोई भी टिप्पणी नहीं की है। MM