अवैध अप्रवासियों को अमरीका से बाहर करने पर ट्रंप अडिग
अमेरिकी के नव निर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने स्पष्ट किया है कि अवैध अप्रवासियों के देश से निष्कासन की नीति पर वह अडिग हैं।
ट्रंप का कहना है कि वे अप्रवासन क़ानून को पूरी शक्ति से लागू करेंगे।
सीबीएस चैनल पर प्रसारित होने वाले एक साक्षात्कार में ट्रंप ने कहा कि राष्ट्रपति पद की शपथ लेने के साथ ही वे अवैध ढंग से अमरीका में रह रहे 30 लाख लोगों को देश से निकालने की प्रक्रिया शुरू कर देंगे।
ट्रंप ने सवाल किया कि हम इन लोगों का क्या करेंगे, जो अपराधी हैं, उनका आपराधिक रिकॉर्ड है, कई गैंग के सदस्य हैं, मादक पदार्थों का धंधा करते हैं। उन्होंने कहा कि इनकी संख्या बहुत अधिक है। संभव है ये 20 लाख से 30 लाख हो सकते है। अपने साक्षात्कार में ट्रंप ने कहा कि वे अपने चुनावी वादों पर क़ाएम हैं।
ज्ञात रहे कि अपने चुनाव प्रचार के दौरान रिपब्लिकन उम्मीदवार ट्रंप ने मतदाताओं से वादा किया था कि वह मैक्सिको से लगती दक्षिणी सीमा पर ऊंची दीवार खड़ी करेंगे ताकि मैक्सिको से अमरीका में घुसपैठ न कर सके। इसके साथ ही उन्होंने सीरिया के शरणार्थियों को अमेरिका में आश्रय देने का विरोध किया था।