दाइश ने दर्जनों सुन्नी धर्मगुरुओं को क़त्ल किया
https://parstoday.ir/hi/news/world-i28732-दाइश_ने_दर्जनों_सुन्नी_धर्मगुरुओं_को_क़त्ल_किया
अफ़ग़ानिस्तान में तकफ़ीरी आतंकवादी गुट दाइश नंगरहार प्रांत में अब तक 36 सु्न्नी धर्मगुरुओं की हत्या कर चुका है।
(last modified 2023-04-09T06:25:50+00:00 )
Nov १४, २०१६ १५:२१ Asia/Kolkata
  • दाइश ने दर्जनों सुन्नी धर्मगुरुओं को क़त्ल किया

अफ़ग़ानिस्तान में तकफ़ीरी आतंकवादी गुट दाइश नंगरहार प्रांत में अब तक 36 सु्न्नी धर्मगुरुओं की हत्या कर चुका है।

नंगरहार प्रांत के वक़्फ़ बोर्ड के प्रमुख मौलवी ज़ाहिर हक़्क़ानी ने बताया कि प्रांत में शिनवार जाति के इलाक़ों में दाइश अब तक 36 सुन्नी धर्मगुरुओं को क़त्ल कर चुका है, जिनमें मस्जिद के इमाम भी शामिल हैं। उन्होंने नंगरहार प्रांत के 6 ज़िलों के कुछ धर्मगुरुओं के साथ नंगरहार प्रांत के राज्यपाल मोहम्मद गुलाब मेंगल से भेंटवार्ता में यह बात कही। हक़्क़ानी के अनुसार, दाइश के हाथों इतनी संख्या में सुन्नी धर्मगुरुओं के मारे जाने के कारण धर्मगुरु और मस्जिद के इमाम अपना क्षेत्र या धार्मिक गतिविधियां छोड़ने पर मजबूर हुए हैं। मौलवी ज़ाहिर हक़्क़ानी ने कहा कि शिनवार जाति के धर्मगुरु इस क्षेत्र में सैन्य कार्यवाही में विस्तार और दाइश का दमन चाहते हैं।

 

नंगरहार प्रांत के राज्यपाल मोहम्मद गुलाब मेंगल ने इस भेंटवार्ता में धर्मगुरुओं को आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं पर उनका ध्यान है और धर्मगुरुओं के जान-माल की रक्षा और शांति व स्थिरता के लिए वे गंभीर प्रयास करेंगे। (MAQ/N)