अमरीका में ट्रंप के विरुद्ध जनता के प्रदर्शन जारी
https://parstoday.ir/hi/news/world-i29272-अमरीका_में_ट्रंप_के_विरुद्ध_जनता_के_प्रदर्शन_जारी
अमरीका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के विरुद्ध देश के विभिन्न शहरों में प्रदर्शनों का क्रम यथावत जारी है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Nov २०, २०१६ १६:४६ Asia/Kolkata
  • अमरीका में ट्रंप के विरुद्ध जनता के प्रदर्शन जारी

अमरीका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के विरुद्ध देश के विभिन्न शहरों में प्रदर्शनों का क्रम यथावत जारी है।

रिपोर्टों के अनुसार, अमरीका के विभिन्न शहरों में ट्रंप विरोधी प्रदर्शनों का क्रम जारी है। शिकागो में सैकड़ों लोगों ने एक बार फिर सड़कों पर निकल कर प्रदर्शन किए और नव निर्वाचित राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के विरोध की घोषणा की।

शनिवार की रात होने वाले प्रदर्शनों में भी ट्रंप और उनके बयानों के विरुद्ध नारे लगाए गये। अमरीका के श्वेत और अश्वेत वर्ग के प्रदर्शनकारी एेसे प्लेकार्ड उठाए हुए थे जिन पर ट्रंप मुर्दाबाद और हम नस्लभेदी और समलैंगिक राष्ट्रपति के विरोधी हैं जैसे नारे लिखे हुए थे।

प्रदर्शनकारियों ने शिकागो शहर के केन्द्र भाग में स्थित ट्रंप टावर के सामने प्रदर्शन किया और मुसलमानों और शरणार्थियों के बारे में उनके नस्लभेदी रवैये की कड़े शब्दों में निंदा की। प्रदर्शन में शामिल लोगों ने इस बात पर बल दिया कि अमरीकी जनता, ट्रंप के मुक़ाबले में मुसलमानों, शरणार्थियों अश्वेत नागरिकों और अमरीका के वास्तविक नागरिकों का समर्थन जारी रखेंगे।

इस दौरान शहर के केन्द्रीय भाग में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था। सीबीएस न्यूज़ चैनल के अनुसार आंसर गठबंधन के प्रमुख जाॅन बैचहम ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि हमें एेसा आंदोलन आरंभ करना होगा जो केवल प्रदर्शन नहीं बल्कि सबकी रक्षा कर सके। उन्होंने बल दिया कि ट्रंप शिकागो का रुख़ न करें क्योंकि कोई भी उनकी वहां प्रतीक्षा नहीं कर रहा है। उधर पोर्टलैंड प्रतिरोधकर्ता आंदोलन के प्रमुख ने बल दिया है कि हम प्रदर्शन करना आवश्यक समझते हैं और हमको इनका दायरा बढ़ाना होगा।

सैन फ़्रांसिस्को, गोन्ज़ोवेल, शार्लिट, सेन्सिनाटी, सियाटल, फ़ेलाडिल्फ़िया, ओकलैंड, अटलांटा और न्यूयार्क से भी व्यापक प्रदर्शनों के समाचार प्राप्त हो रहे हैं। अमरीकी सूत्रों के अनुसार प्रदर्शन कारी कह रहे थे कि यह तो अभी शुरुआत है और अमरीका को अब एक तीसरी पार्टी की आवश्यकता है जो प्रसिद्ध भी हो। रिपोर्टों के अनुसार पुलिस ने पोर्टलैंड के प्रदर्शनकारियों पर हमला करके कई जवानों को गिरफ़्तार कर लिया है। उग्र प्रदर्शनकारियों ने भी पुलिस का मुक़ाबला किया। (AK)