मिस्र ने सीरिया की मदद के लिए पाइलट भेजे
-
मिस्री हेलीकाप्टर गनशिप की तस्वीर
मिस्र ने आतंकवाद के ख़िलाफ़ लड़ाई में युद्ध ग्रस्त सीरिया की मदद के लिए रिपोर्ट के अनुसार, 18 पाइलट भेजे हैं और अगले साल के शुरु में और भेजने पर विचार कर रहा है।
गुरुवार को लेबनानी अख़बार अस्सफ़ीर ने एक जानकार अरब सूत्र के हवाले से रिपोर्ट दी कि मिस्र ने पाइलटों को 12 नवंबर को पश्चिमी सीरिया के हमा शहर में स्थित हवाई छावनी रवाना किया और उनके पहुंचने पर इस टुकड़ी में 4 वरिष्ठ मिस्री सैन्य अधिकारी भी शामिल हुए।
इस रिपोर्ट के अनुसार, पिछले महीने से दमिश्क़ में सशस्त्र बल स्टाफ़ मुख्यालय में मिस्र के दो मेजर जनरल भी मौजूद हैं। मिस्री जनरल सीरिया के क़ुनैतरा शहर में दक्षिणी मोर्चे सहित अंग्रिम पंक्ति का मुआयना करते हैं।
इस दैनिक के अनुसार, 2017 में जनवरी के अंत तक और मिस्री सैनिक सीरिया में सैन्य कार्यवाही में शामिल होंगे कि यह सहयोग हमा वायु छावनी की हवाई मदद तक सीमित नहीं है।
सीरिया के राष्ट्रीय सुरक्षा ब्यूरो के प्रमुख मेजर जनरल अली ममलूक अक्तूबर में एक दिन के दौरे पर क़ाहेरा गए थे जहां उन्होंने मिस्र के वरिष्ठ गुप्तचर अधिकारियों के साथ बातचीत की थी।
बातचीत के दौरान दोनों पक्ष आतंकवाद के ख़िलाफ़ लड़ाई में द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने और राजनैतिक दृष्टिकोण को समन्वित करने पर सहमत हुए थे, जैसा कि उस समय सीरियाई न्यूज़ एजेंसी साना ने रिपोर्ट दी थी। (MAQ/N)