इराक़ और सीरिया से दाइश के सैकड़ों आतंकी नंगरहार पहुंचे
अफ़ग़ानिस्तान की नेश्नल एसेंबली के सदस्य ने इराक़ और सीरिया से दाइश के सैकड़ों आतंकियों के नंगरहार प्रांत पहुंचने की सूचना दी है।
इर्ना की रिपोर्ट के अनुसार, उरूज़गान प्रांत के सांसद उबैदुल्लाह बारकज़ई ने शनिवार को संसद की खुली बैठक में कहा कि इन आतंकियों में से कुछ ने लूगर प्रांत में प्रशिक्षण केन्द्र बना लिया है।
उन्होंने कहा कि उरूज़गान प्रांत के जटिल रास्तों और पर्वतीय क्षेत्रों में दाइश के आतंकियों ने आधुनिक हथियार छिपाएं हैं और यह पता नहीं है कि यह लोग अफ़ग़ानिस्तान में किस के समर्थन से प्रविष्ट हुए हैं।
अफ़ग़ानी सांसद ने बल दिया कि अफ़ग़ान सरकार बहुत कठिनाइयों से इन क्षेत्रों में अपने सैनिकों को सशस्त्र करती है किन्तु अभी तक यह पता नहीं चल सका है कि इन लोगों ने किसी प्रकार इतने आधुनिक हथियार इन जटिल व कठिन रास्ते वाले क्षेत्रों तक कैसे पहुंचाएं।
उबैदुल्लाह बारकज़ई ने कहा कि दाइश के आतंकी अफ़ग़ानिस्तान की मस्जिदों पर फिर हमला करना चाहते हैं और सरकार को इस त्रासदी को रोकने के लिए कोई उपाय करना चाहिए।
इसी प्रकार अफ़ग़ानिस्तान की नेश्नल एसेंब्ली के सदस्य सैयद अली काज़मी ने भी कहा कि चूंकि इराक़ और सीरिया में तकफ़ीरी आतंकवादी पराजित हो चुके हैं इसीलिए उन्होंने अफ़ग़ानिस्तान को अपने एक अड्डे के रूप में चुना है।
ज्ञात रहे कि काबुल में बाक़िरुल उलूम मस्जिद में हुए आतंकी हमले में 50 श्रद्धालु शहीद और दर्जनों अन्य घायल हुए थे। दाइश ने इस हमले की ज़िम्मेदारी स्वीकार की थी। (AK)