इस्लाम का आतंकवाद से कोई संबंध नहीं हैः पुतीन
रूस के राष्ट्रपति ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि इस्लाम का आतंकवाद से कोई संबन्ध नहीं है।
मीडिया की ओर से आतंकी गुट दाइश के लिए "इस्लामिक स्टेट" शब्द प्रयोग न किए जाने पर बल देते हुए पुतीन ने कहा है कि वे चाहते हैं कि इस्लाम और आतंकवाद शब्दों को एक साथ प्रयोग न किया जाए।
विलादिमीर पुतीन ने माॅस्को में एक पत्रकार सम्मेलन में एक पत्रकार के सवाल के जवाब में कहा कि आतंकवाद का इस्लाम से कोई संबंध नहीं है। दिसम्बर 2014 में भी रूसी संसद में चेचन सांसद शमसाइल सारालिएफ़ ने प्रस्ताव दिया था कि संचार माध्यम, इस्लामी आतंकवादी और इस्लामी छापामार शब्दों का प्रयोग न करें।
ज्ञात रहे कि तकफ़ीरी आतंकी गुट दाइश ने आरंभ में "इस्लामी स्टेट इन इराक़ एंड लिवेंट" या आईएसआईएल के नाम से अपनी आतंकी गतिविधियां आरंभ की थीं। इस आतंकी गुट का गठन अक्तूबर वर्ष 2006 में हुआ था। रूसी फ़ेडरेशन समेत संसार के अधिकतर देशों में इस गुट की गतिविधियों पर प्रतिबंध है। (HN)