रूस का सैन्य विमान ब्लैक सी में गिरा, 91 सवार थे
रूसी सेना का एक विमान ट्रैफ़िक कंट्रोल से संपर्क टूटने के थोड़ी ही देर बाद ब्लैक सी में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। स्थानीय मीडिया ने रूसी रक्षा मंत्रालय के हवाले से यह ख़बर दी है।
टू-154 एयरलाइनर पर 91 लोग सवार थे जिसमें 83 मुसाफ़िर और बाक़ी कर्मीदल के सदस्य थे। आरंभिक रिपोर्ट में बताया गया था कि रविवार को सोची में एक एयरपोर्ट से उड़ान भरने के थोड़ी देर बाद रडार से इसका संपर्क टूट गया था।
स्थानीय न्यूज़ एजेंसी ने रक्षा मंत्रालय के हवाले से बाद में बताया कि टू-154 विमान ब्लैक सी के दक्षिण में स्थित एडलर शहर से उड़ान भरने के थोड़े समय बाद दुर्घटना का शिकार हो गया।
सोची शहर के तट से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर 50 से 70 मीटर की गहरायी में ब्लैक सी में टू-154 विमान का मलबा मिला। रूसी रक्षा मंत्रालय ने आगे बताया कि राहत नौका को तट से 6 किलोमीटर दूर एक शव मिला है जो इस विमान पर सवार किसी मुसाफ़िर का लगता है।
रिपोर्ट के अनुसार, इस विमान पर रूसी सेना के कर्मचारी, पत्रकार और संगीतकार सवार थे। (MAQ/N)