सीरिया, संघर्ष विराम को सुनिश्चित करेंगे ईरान, रूस और तुर्कीः पुतीन
रूस के राष्ट्रपति विलादीमीर पुतीन ने कहा है कि ईरान, रूस और तुर्की, सीरिया में संघर्ष विराम को सुनिश्चित करेंगे।
इर्ना की रिपोर्ट के अनुसार, रूसी राष्ट्रपति विलादीमीर पुतीन ने गुरूवार को रूस के विदेशमंत्री सर्गेई लावरोफ़ और रक्षा मंत्री सर्गेई शाइगो के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कहा कि सीरिया में संघर्ष विराम, ईरान, रूस और तुर्की के समन्वय से संभव हुआ है और इसी प्रकार तीनों देश संयुक्त रूप से इसको लागू करने को सुनिश्चित भी करेंगे।
रूसी राष्ट्रपति ने यह बयान करते हुए कि मास्को में अभी हाल ही में ईरान, रूस और तुर्की के विदेशमंत्रियों की बैठक हुई है, कहा कि तीनों देशों पर शांति प्रक्रिया को नियंत्रित और उसके क्रियान्वयन को सुनिश्चित बनाने की ज़िम्मेदारी है।
रूस के राष्ट्रपति ने कहा कि सीरिया में संघर्ष विराम के दस्तावेज़ पर सीरिया सरकार के प्रतिनिधियों और सरकार विरोधियों ने हस्ताक्षर कर दिए हैं।
रूसी राष्ट्रपति ने इसी प्रकार सीरिया में रूसी सैनिकों की उपस्थिति को कम करने के रक्षामंत्री के सुझाव पर सहमति व्यक्त कर दी और कहा कि मास्को अंतर्राष्ट्रीय आतंकवाद के मुक़ाबले में दमिश्क़ की अपनी सहायता जारी रखेगा।
ज्ञात रहे कि सीरिया में गुरूवार रात 12 बजे के बाद पूरे देश में संघर्ष विराम लागू होगा। (AK)