हेरात में शीया समुदाय के मुसलमानों का दाइश के ख़िलाफ़ प्रदर्शन
अफ़ग़ानिस्तान में शीया समुदाय के लोगों ने आतंकी संगठन के बढ़ते हमलों के विरुद्ध प्रदर्शन किया। मंगलवार को हेरात नगर में लगभग दो हज़ार प्रदर्शनकारी एकत्रित हुए और उन्होंने अफ़ग़ानिस्तान के दुशमन मुर्दाबाद और दाइश मुर्दाबाद के नारे लगाए।
अफ़ग़ान सरकार भी चेतावनी दे चुकी है कि देश के 11 प्रांतों में आतंकी संगठन दाइश अपने पांव पसार रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने हेरात में गवर्नर हाउस की ओर मार्च किया और उनके हाथों में दाइश के हमलों में मारे गए शीया मुसलमानों की तसवीरें थीं। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि हमारी मस्जिदों पर दाइश के हमले लगातार बढ़ रहे हैं।
चालीस साल के क़ुरबान अली का कहना था कि दाइश शीया और सुन्नी मुसलमानों के बीच विवाद की आग भड़काने का प्रयास कर रहा है, यह ख़तरनाक रुजहान है और हम सरकार से चाहते हैं कि हमारी रक्षा करे।
कुछ महीने पहले तक दाइश को पूर्वी प्रांत नंगरहार तक सीमित माना जाता था लेकिन ताज़ा रिपोर्टों में चिंता जताई गई है कि आतंकियों ने देश के 11 प्रांतों में गतिविधियां तेज़ कर दी हैं।