ट्रंप के नस्लभेदी आदेश पर दुनिया की प्रतिक्रिया
अमरीका में मुसलमानों और पलायकर्ताओं को रोकने पर आधारित अमरीकी राष्ट्रपति के नस्लभेदी निर्णय पर दुनिया की ओर से कड़ी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही रही हैं।
दुनिया की बहुत सी प्रसिद्ध हस्तियों, अंतर्राष्ट्रीय संस्थाओं और आम लोगों ने अमरीका में मुसलमानों और पलायनकर्ताओं के प्रवेश पर प्रतिबंध के अमरीकी राष्ट्रपति के निर्णय को नस्लभेदी और अमानवीय बताया है।
इसी मध्य अमरीका की विभिन्न नागरिक संस्थाओं और मानवाधिकार की रक्षा संस्थाओं सहित प्रोफ़ेसरों, अंतर्राष्ट्रीय शरणार्थी संस्था और संयुक्त राष्ट्र संघ की शरणार्थी संस्था ने अमरीकी राष्ट्रपति के आदेश की निंदा करते हुए शारणार्थियों के धर्म, राष्ट्र या उनकी जाति पर ध्यान दिए बिना शरणार्थियों को समान दर्जा देने की मांग की है।
इसी मध्य सैकड़ों अमरीकियों ने राष्ट्रपति ट्रंप के नस्लभेदी आदेश के विरुद्ध न्यूयार्क के जान एफ़ कैनेडी हवाई अड्डे के सामने प्रदर्शन किए। इसी प्रकार शनिवार की रात में शिकागो के अवहर हवाई अड्डे के सामने जनता ने ट्रंप की नीतियों के विरुद्ध प्रदर्शन किए।
शिकागो ट्रिब्यून समाचार पत्र ने लिखा कि जब से राष्ट्रपति ने अध्यादेश पर हस्ताक्षर किए हैं तब से अमरीका के विभिन्न शहरों में दसियों लोगों को जबकि अवहर हवाई अड्डे से 18 लोगों को गिरफ़्तार किया गया है। इनमें से कुछ मुसलमान ग्रीन कार्ड धारक थे। (AK)