अलजज़ीरा से प्रसारित ख़बर सफेद झूठः रूस
रूस ने घोषणा की है कि सीरिया में उसके सैनिकों के मारे जाने पर आधारित अलजज़ीरा टीवी चैनेल की ख़बर, झूठी है।
रूसी रक्षामंत्रालय ने बयान जारी करके कहा है कि उसका कोई भी सैनिक, सीरिया में नहीं मारा गया है।
स्पूतनिक समाचार एजेन्सी के अनुसार रूसी रक्षामंत्रालय के प्रवक्ता ईगोर कोनाशेनकोव ने कहा है कि अलजज़ीरा टीवी चैनेल पर प्रसारित यह ख़बर निराधार और झूठ है कि सीरिया में रूस के 5 सैनिक मारे गए हैं। उन्होंने कहा किसी सीरिया में मौजूद हमारे सारे सैनिक कुशल एवं सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि हमारे सैनिक वहां पर अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वाह कर रहे हैं।
ज्ञात रहे कि अलजज़ीरा टीवी चैनेल ने शनिवार की रात यह समाचार प्रसारित किया था कि सीरिया के लाज़ेक़िया में एक सैनिक वाहन में विस्फोट के परिणाम स्वरूप 5 रूसी सैनिक मारे गए।