ब्रिटेनः युद्धक विमानों ने उतारा पीआईए का विमान, वांछित व्यक्ति गिरफ़तार
ब्रिटेन के अधिकारियों का कहना है कि पाकिस्तानी एयरलाइन पीआईए की एक उड़ान को युद्धक विमानों की निगरानी मे उसके असली गंतव्य के बजाए लंदन के स्टैन्सटेड हवाई अड्डे पर उतारने के बाद उसमें सवार एक यात्री को गिरफ़तार किय गया।
पीके-757 उड़ान लाहौर से लंदन के हीथ्रो हवाई अड्डे के लिए रवाना हुई थी लेकिन ब्रिटेन की वायु सीमा में प्रवेश करने के बाद उसे दो टाइफ़ून जेट विमानों ने अपने नियंत्रण में ले लिया और उसका रुख़ स्टैन्सटेड एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया।
पुलिस का कहना था कि इस विमान में एक वांछित व्यक्ति यात्रा कर रहा था और उसे हीथ्रो एयरपोर्ट पर हिरासत में लिया जाना था, अब उस व्यक्ति को स्टैन्सटेड एयरपोर्ट पर गिरफ़तार किया गया है।
मेट्रोपोलिटन पुलिस का कहना है कि एक 52 वर्षीय व्यक्ति को ब्रिटेन में आर्थिक भ्रष्टाचार के संदेह में गिरफ़तार किया गया है।
विमान पर सवार यात्रियों ने बताया कि विमान को स्टैन्सटेड एयरपोर्ट पर छह घंटे तक रोके रखा गया और इस बीच हथियारों से लैस आठ पुलिसकर्मियों ने एक व्यक्ति को गिरफ़तार किया।
स्टैन्सटेड हवाई अड्डे को ब्रिटेन में रिलीफ़ हवाई अड्डे के तौर पर प्रयोग किया जाता है जहां अपात स्थिति में हवाई जहाज़ों का रुख़ मोड़ा जाता है।