किम जोंग उन के सौतेले भाई की कुआलालंपुर एयरपोर्ट पर हत्या
https://parstoday.ir/hi/news/world-i36510-किम_जोंग_उन_के_सौतेले_भाई_की_कुआलालंपुर_एयरपोर्ट_पर_हत्या
उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग-उन के सौतेले भाई की मलेशिया में हवाई अड्डे पर ज़हरीली सुईयां घोपकर हत्या कर दी गई है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Feb १४, २०१७ २०:५६ Asia/Kolkata
  • किम जोंग उन के सौतेले भाई की कुआलालंपुर एयरपोर्ट पर हत्या

उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग-उन के सौतेले भाई की मलेशिया में हवाई अड्डे पर ज़हरीली सुईयां घोपकर हत्या कर दी गई है।

मंगलवार को दक्षिण कोरिया की मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक़, किम जोंग नैम की कुआलालंपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर दो महिला जासूसों ने हत्या कर दी।

हालांकि दक्षिण कोरिया और मलेशिया के अधिकारियों ने जोंग नैम की हत्या की पुष्टि नहीं की है।

मलेशिया की पुलिस का कहना है कि कुआलालंपुर हवाई अड्डे पर उसे एक बीमार व्यक्ति पड़ा हुआ मिला, जिसकी अस्पताल ले जाते वक़्त मौत हो गई।

मलेशिया के एक वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी ने नाम ज़ाहिर नहीं करने की शर्त पर बताया है कि मलेशियन पुलिस को पूरा विश्वास है कि मरने वाला व्यक्ति किम जोंग नैम था।

किम जोंग नैम की मारे जाने की पुष्टि होती है तो ये 2013 में किम जोंग उन के प्रभावशाली चाचा जांग सोंग थेक को मौत की सज़ा दिए जाने के बाद किसी विशिष्ट उत्तर कोरियाई हस्ती के मारे जाने की पहली घटना होगी।

मलेशिया पुलिस ने एक बयान जारी करके कहा है कि 46 वर्षीय व्यक्ति किम चोल के नाम से जारी हुए पास्पोर्ट के साथ यात्रा कर रहा था।

कुआलालंपुर हवाई अड्डे के सूत्रों का कहना है कि किम जोंग नैम जाली दस्तावेज़ों और नक़ली नाम के साथ यात्रा कर रहे थे। msm