रूस पर लगा फ़्रांस के चुनावों को प्रभावित करने का आरोप
रूस ने इस आरोप का कड़ाई से खंडन किया है कि वह फ़्रांस के राष्ट्रपति चुनावों को दिशा देने में लगा हुआ है।
मंगलवार को क्रेमलेन हाउस से जारी होने वाले बयान में कहा गया कि फ़्रांस के राष्ट्रपति पद के प्रभावशाली उम्मीदवार इमैनुएल मैक्रन पर होने वाले प्रचारिक हमले में रूस का कोई हाथ नहीं है।
मैक्रन के ख़ैमे ने इस खंडन के बाद पुनः आरोप लगाया है कि रूसी मीडिया और साइबर सेल लगातार हमले कर रहे हैं।
क्रेमलेन हाउस के प्रवक्ता डिमिट्री पेस्कोफ़ ने कहा कि मैक्रन की पार्टी के प्रमुख रिचार फ़ेरान की ओर से लगाए गए आरोप बहुत घटिया हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी देश के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप की न तो हमारी कभी नीयत रही है और न होगी।
फ़ेरान ने सोमवार को आरोप लगाया था कि जब से सर्वे रिपोर्टों में यह बात सामने आई कि मैक्रन की लोकप्रियता बहुत तेज़ी से बढ़ रही है तब से रूसी मीडिया उनके बारे में झूठी ख़बरे फैलाने में व्यस्त हो गया है और उनके कैंपेन पर हज़ारों की संख्या में साइबर हमले हो रहे हैं।