यूरोपीय संघ ने एक बार फिर ब्रिटेन को दी कड़ी चेतावनी
यूरोपीय आयोग के प्रमुख ने एक बार फिर ब्रिटेन को यूरोपीय संघ से निकलने के विषय पर कड़ी चेतावनी दी है।
यूरोपीय आयोग के प्रमुख जॉन क्लॉड यॉन्कर ने मंगलवार को एक बयान जारी करके कहा है कि यूरोपीय संघ से अलग होने पर ब्रिटेन को भारी क़ीमत चुकानी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि यूरोपीय संघ से निकलने के बाद ब्रिटेन को इस संघ के साथ व्यापार समझौतों के लिए वर्षों इंतेज़ार करना पड़ेगा।
यूरोपीय आयोग के प्रमुख ने कहा कि ब्रिटेन के इस संघ से निकल जाने के बाद एक बार फिर यूरोपीय संघ और लंदन के बीच संबंधों को बहाल करने के लिए लंबे समय की आवश्यकता होगी। जॉन क्लॉड यॉन्कर का कहना था कि यूरोपीय संघ के आगामी बजट के लिए ब्रिटेन के हिस्से की राशि उससे मांगी जाएगी। यूरोपीय आयोग के प्रमुख ने कहा कि ब्रिटेन को चाहिए कि वह अपने पिछले वादों पर अमल करे।
उल्लेखनीय है कि ब्रिटिश जनता ने 2016 जून के महीने में एक जनमत संग्रह में भाग लेकर यूरोपीय संघ से ब्रिटेन के अलग होने के पक्ष में मतदान किया था और हाल ही में ब्रिटिश संसद के निचले सदन ने भी इस फ़ैसले की पुष्टि कर दी है। (RZ)