इस्राईल के अवैध क़ब्ज़े की अमरीका में कड़ी आलोचना + फ़ोटो
अमरीका के नागरिकों ने इस देश के केंद्र में प्रदर्शन करके ज़ायोनी शासन और उसकी जातिवादी नीतियों की कड़ी निंदा की है।
अमरीकी नागरिकों ने राजधानी वाॅशिंग्टन में इस्राईल के दूतावास के सामने प्रदर्शन करके ज़ायोनी शासन की ओर से फ़िलिस्तीन पर अवैध क़ब्ज़े को समाप्त करने की मांग की है। इस प्रदर्शन में काफ़ी संख्या में अमरीका के यहूदी नागरिक भी शामिल थे। प्रदर्शनकारियों ने इस्राईल विरोधी नारे लगा कर फ़िलिस्तीनी जनता के ख़िलाफ़ ज़ायोनी शासन की कार्यवाहियों, जातिवादी नीतियों और अपराधों की निंदा की और ज़ायोनियों से मांग की कि वे अवैध अधिकृत पश्चिमी तट विशेष कर अलख़लील नगर में अपनी दमनकारी कार्यवाहियां तुरंत बंद करें। इस प्रदर्शनक का आयोजन फ़िलिस्तीन के लिए अमरीकी मुसलमान, शांति के लिए यहूदियों की आवाज़, फ़िलिस्तीनियों के अधिकारों के लिए अमरीकी कैम्पेन और नोटरा कार्टा गुट जैसे संगठनों की ओर से किया गया था।
प्रदर्शनकारी एेसे प्लेकार्ड उठाए हुए थे जिन पर "अगर तुम शांति व न्याय के इच्छुक हो तो फ़िलिस्तीन का अतिग्रहण बंद करो, सभी फ़िलिस्तीनियों को उनके देश लौटने दिया जाए, यहूदी धर्म, ज़ायोनिज़्म को स्वीकार नहीं करता और हम मुसलमानों, ईसाइयों और यहूदियों के लिए समान अधिकार की मांग करते हैं" जैसे ज़ायोनी शासन की आलोचना में नारे लिखे हुए थे। प्रदर्शनकारियों ने इसी तरह अमरीका के नए राष्ट्रपति की भेदभावपूर्ण नीतियों के मुक़ाबले में मुसलमानों का समर्थन करते हुए कहा कि बर्मिंघम से फ़िलिस्तीन तक भेदभाव समाप्त होना चाहिए। यह प्रदर्शन अमरीकी पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच आयोजित हुआ। (HN)






