इस्लामाबाद में ईसीओ का 13वां शिखर सम्मेलन संपन्न
https://parstoday.ir/hi/news/world-i37512
आर्थिक सहयोग संगठन या इको का 13वां शिखर सम्मेलन, पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में संपन्न हो गया है।
(last modified 2023-04-09T06:25:50+00:00 )
Mar ०१, २०१७ १९:०८ Asia/Kolkata

आर्थिक सहयोग संगठन या इको का 13वां शिखर सम्मेलन, पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में संपन्न हो गया है।

पाकिस्तानी प्रधान मंत्री मोहम्मद नवाज़ शरीफ़ ने इस सम्मेलन को संबोधित करते हुए इको के सदस्य देशों के बीच सहयोग पर बल दिया और कहा कि इस्लामाबाद इस सम्मेलन के कार्यक्रमों को लागू करने और उद्देश्यों को प्राप्त करने के लिए अंथक प्रयास करेगा।

नवाज़ शरीफ़ ने कहा कि आज क्षेत्रीय देशों के बीच व्यापारिक एवं आर्थिक सहयोग पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण है। पाकिस्तानी प्रधान मंत्री ने इको के दस सदस्य देशों में मौजूद प्रतिभाओं से लाभ उठाने पर बल दिया।

इको ने 1985 में अपनी गतिविधियों की शुरूआत की थी। इसे क्षेत्र के सबसे पुराने आर्थिक संगठनों में से एक माना जा सकता है।

इको के इस सम्मेलन में 2017 के लिए इको की गतिविधियों का कैलेंडर तैयार किया गया और 10 वर्षीय स्ट्रैटेजी तैयार की गई। इको में पाकिस्तान, ईरान और तुर्की की उपस्थिति ने इस संगठन के महत्व में वृद्धि कर दी है, इसने विश्व के तीन मुख्य क्षेत्रों भारतीय उपमहाद्वीप, यूरोप और मध्य एशिया को आपस में जोड़ दिया है। इसने इस संगठन की क्षमताओं में अपार वृद्धि कर दी है।

लेकिन सिक्के का दूसरा रुख़ यह है कि इको को कुछ महत्वपूर्ण चुनौतियों का भी सामना है, जो इसके सदस्य देशों के बीच सहयोग में वृद्धि के मार्ग में बड़ी रुकावट है। इन चुनौतियों में से राजनीतिक, सांस्कृतिक और विदेश संबंधों में असंतुलन का उल्लेख किया जा सकता है। इसके अलावा, पिछले कुछ वर्षों के दौरान, इको के कुछ सदस्य देशों के बीच राजनीतिक तनाव भी एक बड़ी चुनौती है। इसके बावजूद, इको के सदस्य देश राजनीतिक इच्छा शक्ति का परिचय देते हुए इन चुनौतियों का समाधान निकाल सकते हैं औऱ क्षेत्रीय एवं अतंरराष्ट्रीय घटनाक्रमों को प्रभावित करने के साथ अपने उद्देश्यों को प्राप्त कर सकते हैं।