उत्तर कोरिया ने फिर किया परीक्षण
उत्तर कोरिया ने एक नए उच्च क्षमता वाले रॉकेट इंजन का परीक्षण किया है।
इस परीक्षण की जानकारी उत्तरी कोरिया के सरकारी मीडिया ने दी है।
रविवार को केसीएनए ने जो रिपोर्ट दी है उसके अनुसार इस टेस्ट के दौरान उत्तर कोरिया के शासक किम जोंग उन भी मौजूद थे। परीक्षण के बाद उत्तरी कोरिया के शासक ने अमेरिका के साथ ही साथ दक्षिण कोरिया को ललकारते हुए कहा है कि पूरी दुनिया जल्द ही देखेगी कि आज की महान विजय का क्या महत्व है। अपनी बात के माध्यम से उन्होंने इस बात के भी संकेत दे दिए हैं कि उत्तर कोरिया एक नया उपग्रह रॉकेट प्रक्षेपित करने की तैयारी कर रहा है।
केसीएनए ने कहा है कि नए इंजन के परीक्षण से बाहरी अंतरिक्ष विकास के क्षेत्र में विश्वस्तरीय उपग्रह स्थापित करने की क्षमता के लिए जरूरी वैज्ञानिक एवं तकनीकी नींव रखने में मदद मिलेगी।
दूसरी ओर अमेरिका के नए विदेश मंत्री रेक्स टिलरसन जापान और दक्षिण कोरिया की यात्रा के बाद बीजिंग पहुंचे जहां उन्होंने कहा कि अमेरिका अब प्योंगयांग के साथ असफल रही धैर्यपूर्वक कूटनीति पर काम नहीं करेगा।