रूस के विरुद्ध अमरीका के नये प्रतिबंध
अमरीकी वित्तमंत्रालय के एक अधिकारी ने शनिवार को ईरान, उत्तरी कोरिया और सीरिया से संबंधित रूस की आठ कंपनियों के विरुद्ध प्रतिबंधों की घोषणा करते करते हुए कहा कि यह प्रतिबंध उन आर्थिक प्रतिबंधों के अतिरिक्त हैं जो पूर्वी यूक्रिन में झड़पों और क्रिमिया द्वीप के रूस में शामिल होने के बारे में मास्को के विरुद्ध लगाए गये हैं।
अमरीका के इस नये प्रतिबंध पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए रूस के विदेशमंत्रालय की प्रवक्ता ने कहा कि रूसी कंपनियों के विरुद्ध प्रतिबंध लगाने से अमरीका का कोई लक्ष्य पूरा नहीं होगा।
रूस के विदेशमंत्रालय की प्रवक्ता मारिया ज़ाख़ारोवा ने इस ओर संकेत करते हुए कि रूसी कंपनियों के विरुद्ध अमरीकी प्रतिबंधों से मास्को के लिए कोई समस्या पैदा नहीं होगी, कहा कि अमरीका ने इन प्रतिबंधों को लागू करने के बारे में कोई तार्किक कारण नहीं बताए हैं।
रूस के विदेशमंत्रालय की प्रवक्ता ने कहा कि रूसी कंपनियों के विरुद्ध अमरीका के प्रतिबंध, सीरिया में आतंकवाद के विरुद्ध युद्ध के बारे में वाशिंग्टन की निर्धारित प्राथमिकताओं के विरुद्ध हैं। उन्होंने कहा कि अमरीका की इस प्रकार की कार्यवाहियों से एेसे आतंकवादी गुटों का मुक़ाबला करने के लिए जिनकी गतिविधियों से यूरोप और अमरीका की सुरक्षा के लिए ख़तरा पैदा होता जा रहा है, अंतर्राष्ट्रीय सहयोग पर प्रश्न चिन्ह लग जाता है।
अमरीका में नये राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प के सत्ता में आने के बाद से अमरीका और रूस के संबंधों में संभावित रूप से बेहतरी के अनुमानों के विपरीत, विदित रूप से अमरीका की नई सरकार ने मास्को के बारे में अपनी पुरानी नीतियों को जारी रखने का फ़ैसला किया है। मास्को के बारे में वाशिंग्टन की नीतियों के महत्वपूर्ण प्रतीकों में से एक पूर्वी यूक्रिन में झड़पों और क्रिमिया द्वीप के रूस में शामिल होने के बहाने मास्को के विरुद्ध लगाए गये व्यापक प्रतिबंध हैं।
बहरहाल अमरीका के नये राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प को रूस के साथ गुप्त संबंधों के आरोप के कारण बहुत सी समस्याओं का सामना है जिसके कारण उनके राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार माइकल फ़िलिन ने त्याग पत्र दे दिया और ट्रम्प अपने उपर लगे आरोपों को रूस पर नये प्रतिबंध लगा कर साफ़ करने का प्रयास कर रहे हैं। (AK)